गुस्ताख-ए-रसूल की गिरफ्तारी न होने से आबिद रजा करेंगे भूख हड़ताल

गुस्ताख-ए-रसूल की गिरफ्तारी न होने से आबिद रजा करेंगे भूख हड़ताल

बदायूं जिले की सदर कोतवाली पुलिस गुस्ताख-ए-रसूल की गिरफ्तारी के संबंध में फर्जी बातें कर रही थी। आरोपी अभी तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। तीन दिन के अंदर गिरफ्तार करने की चेतावनी देने वाले पूर्व दर्जा राज्यमंत्री आबिद रजा बुधवार से भूख हड़ताल पर बैठेंगे।

पढ़ें: गुस्ताख-ए-रसूल रामेश्वर यादव तीन दिन के अंदर गिरफ्तार किया जाये: आबिद

उल्लेखनीय है कि 3 नवंबर को लालपुल के निकट स्थित आरफीन हॉल में आबिद रजा के नेतृत्व में जिलों भर से लगभग 500 मुसलमान एकत्रित हुए थे। बैठक में सर्व-सम्मति से यह निर्णय लिया गया था कि रामेश्वर यादव को 3 दिन में हर हाल में गिरफ्तार कर रासुका लगाई जाए। अगर, ऐसा नहीं होता है तो, समस्त मुस्लिम समाज सड़कों पर उतर आएगा, जिसके लिए पुलिस एवं प्रशासन जिम्मेदार होगा। मौके पर पहुंच कर सीओ सिटी ने आबिद रजा से ज्ञापन लिया था, इस दौरान आबिद रजा ने तीन दिन के अंदर आरोपी को गिरफ्तार करने की चेतावनी दी थी। घोषणा के अनुसार ही आबिद रजा छोटे सरकार के प्रांगण में बुधवार से भूख हड़ताल पर बैठेंगे।

बता दें कि 1 नवंबर को रामेश्वर यादव नाम के फेसबुक यूजर ने मुस्लिम धर्म के पैगंबर रसूल सल्ललाहो अलैह वसल्लम व छोटे-बड़े सरकार के विरोध में कमेंट किया गया था, जिससे मुस्लिम समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था लेकिन, पुलिस अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है, इस प्रकरण को लेकर जगह-जगह मुस्लिम समाज रामेश्वर यादव के विरुद्ध प्रदर्शन कर गिरफ्तारी की मांग कर रहा है।

उधर जमात-ए-इस्लामी हिंद के नगर अध्यक्ष सिराज अहमद ने बैठक में कहा कि किसी मजहब को बुरा न कहो। उन्होंने कहा कि एक शख्स द्वारा हमारे नबी हजरत मुहम्मद (सल्ल.) और हमारे बुजुर्ग छोटे-बड़े सरकार के खिलाफ फेसबुक पर गालियां लिखी गईं, जो मिल्लत के लिए न काबिले बर्दाश्त हैं। उन्होंने कहा कि हम भारत सरकार से तथा स्थानीय प्रशासन से उसकी गिरफ्तारी की मांग करते हैं।

डाॅ. इत्तेहाद आलम ने कहा कि रामेश्वर यादव द्वारा की गई फेसबुक टिप्पणी से मुसलमानों में गुस्सा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह हवा, पानी, सूरज, चांद, सितारे सबके लिए हैं, उसी तरह हजरत मुहम्मद (सल्ल) की जात सबके लिए है। आप सारी दुनिया के लिए रहमत हैं। उन्होंने अपील की कि प्यारे नबी की शान में अशोभनीय टिप्पणी करने वाले के खिलाफ प्रदर्शन करने का सही तरीका अपनायें।

प्रधानाचार्या अस्मा इम्तियाज ने कहा कि इस्लाम को पहले से निशाना बनाया जाता रहा है और आज भी निशाना बनाया जा रहा है। बीमार जहन के आदमी रामेश्वर यादव ने प्यारे नबी (सल्ल.) की शान में गुस्ताखी की है, उसे सख्त से सख्त सजा मिलना चाहिए। डाॅ0 संजीदा आलम ने कहा कि हमें पहले यह जानना चाहिए कि इस तरह के हालाता पैदा कैसे होते हैं। हो सकता है कि यह कोई राजनैतिक षड़यंत्र हो। हमें कुरआन और हदीस की शिक्षा दुनिया में फैलाना है और हमारा किरदार अच्छा होना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में कारी शुएब साहब ने मुल्क में शांति और अमन कायम करने की दुआ कराई। कार्यक्रम का संचालन मुहम्मद आरिफ ने किया। इस अवसर पर अरशद फरीदी, अदनान रजा, सरफराज अब्बासी, इब्ने हयात, इरमीन शफी, डाॅ. आयशा, उज्मा बी, गुलफिशां तारिक, फरहीन, हिबा रफीक आदि मौजूद रहे।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply