बरेली के सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बदायूं जनपद के भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने शिष्टाचार भेंट की और सौहार्द पूर्ण वातावरण में सेल्फी ली, साथ ही तमाम विकास कार्यों से संबंधित वार्ता करते हुये बदायूं जनपद में आने का निमंत्रण दिया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को मुरादाबाद और रामपुर से बरेली पहुंचे। सर्किट हाउस में बदायूं जनपद के भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने मुख्यमंत्री से भेंट की, उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी ली, जो चर्चा का विषय बनी हुई है। राजीव कुमार गुप्ता ने मुख्यमंत्री से बदायूं जनपद में संचालित विकास कार्यों, आवश्यक परियोजनाओं एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर वार्ता की, साथ ही विकास कार्यों को और अधिक गति प्रदान करने का आग्रह किया।
उन्होंने बदायूं के राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी चर्चा की तथा मरीजों को बेहतर उपचार, पर्याप्त चिकित्सकीय सुविधायें, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन पर विशेष ध्यान दिए जाने का विषय रखा। उन्होंने आगामी श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासनिक तैयारियों पर भी बात रखी। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, निर्बाध यातायात, चिकित्सा सेवायें, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था को लेकर सभी संबंधित विभाग पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा प्रत्येक मार्ग पर आवश्यक सुविधायें समय से उपलब्ध कराई जायें, साथ ही प्रशासन ऐसी प्रभावी यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करे, जिससे श्रद्धालुओं को सुविधा मिले और आमजन का दैनिक आवागमन भी अनावश्यक रूप से बाधित न हो। संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित निगरानी तथा सभी व्यवस्थाओं की सतत समीक्षा किये जाने पर भी चर्चा हुई।
अंत में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने बदायूं के विकास एवं जनहित के विषयों पर मुख्यमंत्री के निरंतर सहयोग और मार्ग दर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त किया, साथ ही बदायूं जनपद के दौरे पर आने का निमंत्रण दिया, जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार कर लिया। मुख्यमंत्री आने वाले समय में कभी भी बदायूं जनपद के दौरे पर आ सकते हैं।
(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए वाट्सएप चैनल फॉलो कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)