राजू भैया ही हैं सुपर बॉस, राजू भैया का कद बढ़ने से बीएल वर्मा आहत

राजू भैया ही हैं सुपर बॉस, राजू भैया का कद बढ़ने से बीएल वर्मा आहत

भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश की कार्यकारिणी की गुरुवार को सूची जारी की थी बहुप्रतीक्षित सूची जारी होते ही प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं ने जमकर स्वागत कियाकार्यकर्ताओं ने प्रदेश भर में मिष्ठान वितरण कर नव-नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनायें भेजीं लेकिन, केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने अपने सोशल साइट्स एकाउंट्स से किसी को औपचारिक बधाई और शुभकामना तक नहीं दी। राजनीति में सब अपना हित चाहते हैं, सब अपने लिए और अपने लोगों के लिए प्रयास करते हैं लेकिन, भारतीय जनता पार्टी के बारे में कहा जाता है कि एक बार नेतृत्व जो निर्णय ले लेता है, फिर उस निर्णय का सब स्वागत करते हैं, उसके बाद कोई विरोध नहीं करता, इसीलिये चर्चा होने लगी है कि केंद्र में राज्यमंत्री जैसा बड़ा और गंभीर दायित्व होने के बावजूद बीएल वर्मा ने बहुत छोटे मन का व्यक्ति होने का संदेश दिया है, इस हरकत से यह भी स्पष्ट हो गया है कि उनके मन का निर्णय नहीं होगा तो, वे भाजपा के साथ नहीं रह सकते।

असलियत में भाजपा ने प्रांतीय कार्यकारिणी के साथ क्षेत्रीय अध्यक्षों की भी घोषणा की है। ब्रज क्षेत्र में पूरन लाल लोधी को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। बताया जा रहा है कि बीएल वर्मा किसी अन्य को अध्यक्ष बनवाना चाहते थे, उनके मन के विपरीत पूरन लाल लोधी अध्यक्ष बना दिये गये, जिससे वे आहत हैं, इसीलिये उन्होंने किसी को बधाई और शुभकामना नहीं दी, इस घटनाक्रम के पीछे भी एक कहानी है। पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व राज्यपाल दिवंगत कल्याण सिंह के नाम के सहारे बीएल वर्मा ने राजनीति के समंदर में लंबी यात्रा तय की है और जमकर हीरे-पन्ने भी बटोरे हैं। बीएल वर्मा कल्याण सिंह को राजनैतिक गुरु मानते हैं और वह यह बात सार्वजनिक तौर पर कहते भी हैं, साथ ही वे कल्याण सिंह के बेटे पूर्व सांसद राजवीर सिंह “राजू भैया” का भी सार्वजनिक तौर पर सम्मान करते रहे हैं। पिता के शिष्य बीएल वर्मा को राजवीर सिंह “राजू भैया” भी हृदय से प्रेम करते थे लेकिन, बीएल वर्मा ने भाजपा के अंदर यह बात फैला दी कल्याण सिंह जब भाजपा का विरोध कर रहे थे और भाजपा का नुकसान हुआ तो, उस नुकसान के पीछे कल्याण सिंह नहीं बल्कि, वे स्वयं थे, उनकी शक्ति से ही कल्याण सिंह भाजपा का नुकसान कर पाये। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को लगा कि बीएल वर्मा ही शक्तिशाली हैं, उनके पीछे ही लोधी समाज खड़ा है, सो भाजपा ने बीएल वर्मा को राज्यसभा भेज कर केंद्र में राज्यमंत्री बना दिया।

उधर राजवीर सिंह “राजू भैया” पिछला लोकसभा चुनाव हार गये। लोधी समाज चाहता था कि राज्यसभा राजवीर सिंह “राजू भैया” को भेजना था, इससे समाज का सम्मान बढ़ता और भाजपा का भी अधिक लाभ होता। कल्याण सिंह के शिष्य की जगह कल्याण सिंह के बेटे को अधिक महत्व दिया जाता तो, लोधी समाज को अच्छा लगता ही, इसके बाद बीएल वर्मा कल्याण सिंह के परिवार से अलग अपना स्वतंत्र अस्तित्व बनाने लगे। धीरे-धीरे बात सार्वजनिक होने लगी तो, राजवीर सिंह “राजू भैया” ने भी खुल कर मोर्चा खोल दिया और फिर वे भी स्पष्ट संदेश देने लगे कि लोधी समाज के नेता हम हैं, न कि चापलूसी और भ्रम फैला कर आगे बढ़ने वाले। राजवीर सिंह “राजू भैया” ने प्रांतीय और केंद्रीय नेतृत्व को भी अपने भाव और विचारों से अवगत करा दिया, उन्हें नेतृत्व ने आश्वस्त किया था कि आपके सम्मान से खिलवाड़ नहीं होने दिया जायेगा।

अब कार्यकारिणी बनने का समय आया तो, राजवीर सिंह “राजू भैया” ने क्षेत्रीय अध्यक्ष पद के लिये पूरन सिंह लोधी का नाम सुझाया था, जबकि बीएल वर्मा किसी अन्य की सिफारिश कर रहे थे लेकिन, नेतृत्व ने पूरन लाल लोधी को ही अध्यक्ष नियुक्त किया, इससे स्पष्ट हो गया कि संगठन में राजवीर सिंह “राजू भैया” की ही सुनी जाती है। हालांकि पूरन लाल लोधी जमीनी व्यक्ति हैं, वे संगठन की लंबे समय से सेवा कर रहे हैं, उनके अध्यक्ष बनने से भाजपा का ही लाभ होगा। पूरन लाल लोधी बरेली जनपद के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं और अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा के प्रांतीय महामंत्री भी हैं। अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा राजवीर सिंह “राजू भैया” के ही दिशा-निर्देशन में कार्य करती है, इस संगठन के दो अन्य लोगों को भी कार्यकारिणी में दायित्व दिया गया है, जिससे राजवीर सिंह “राजू भैया” का कद स्वतः बढ़ गया है। पूरन लाल लोधी के अध्यक्ष बनने से ही बीएल वर्मा इतने आहत बताये जा रहे हैं कि उन्होंने सोशल साइट्स पर किसी को बधाई और शुभकामना देना तक उचित नहीं समझा, ऐसा करने से यह भी संदेश गया है कि वे भाजपा में अपनी मनमानी करने तक ही हैं, उनकी बात नहीं मानी जायेगी तो, वे नेतृत्व के निर्णय का सम्मान नहीं करेंगे।

नव-निर्वाचित क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी ने घोषणा होते ही गुरुवार को सोशल साइट्स पर फोटो बदला और ऐसा अपना ऐसा फोटो लगाया, जिसमें कल्याण सिंह, राजवीर सिंह “राजू भैया” और संदीप सिंह हैं, साथ ही शुक्रवार को सबसे पहले पूरन लाल लोधी अलीगढ़ पहुंचे, जहां राज पैलेस में राजवीर सिंह “राजू भैया” से आशीर्वाद और मार्ग दर्शन प्राप्त किया पूरन लाल लोधी लखनऊ जाने से पहले अलीगढ़ पहुंचे, इससे वे भी स्पष्ट संदेश देना चाह रहे हैं कि राजवीर सिंह “राजू भैया” ही हैं “सुपर बॉस”

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए वाट्सएप चैनल फॉलो कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply