बदायूं जनपद में लंबे समय से विकास भवन स्थिति कार्यालय भगवान के भरोसे पर संचालित चल रहे हैं। शासन की प्राथमिकताओं को जमीन पर उतारने की जगह कागजों पर ही दर्शाया जा रहा है, जिससे जिले के हालात लगातार बदतर होते जा रहे हैं, अब मुख्य विकास अधिकारी के पद पर आईएएस गामिनी सिंगला आ गई हैं, जिससे उम्मीद की जा रही है कि विकास कार्य धरातल पर भी दिखाई देंगे पर, सबसे पहले सीडीओ गामिनी सिंगला को अपने कार्यालय की ही व्यवस्था सही करनी होगी।
सीडीओ के पास लंबे समय से स्टेनो नहीं है। विकास विभाग के कर्मियों को सीडीओ कार्यालय से संबद्ध कर किसी तरह काम चलाया जा रहा है। एक कर्मी ऐसा है, जिसे ठीक से हिंदी भी लिखनी नहीं आती और न ही टाइपिंग जानता है। दूसरा कर्मी शार्ट हैंड के बारे में कुछ नहीं जानता, इसी तरह तीसरा सफाई कर्मचारी है, जो आशुलिपिक का कार्य करता है। सीडीओ जैसे महत्वपूर्ण कार्यालय में एक अनुभवी कर्मचारी तक नहीं है, इसीलिए हालात बदतर होते जा रहे हैं, इन कर्मियों ने, ऐसा मकड़जाल बना रखा है कि सीडीओ कार्यालय के आस-पास किसी को फटकने तक नहीं देते। कई वर्ष पहले शासन ने स्टेनो पद पर सुरेंद्र गौतम की तैनाती कर दी थी पर, सुरेंद्र को सीडीओ के कार्यालय में घुसने तक नहीं देते थे, जिससे तंग आकर सुरेन्द्र ने अपना स्थानांतरण मुरादाबाद जनपद में करा लिया, इसके बाद इन कर्मियों को चुनौती देने का किसी का साहस ही नहीं हुआ और फिर शासन से स्टेनो की मांग भी नहीं की गई।
पिछले कई वर्षों से सीडीओ पद पर, ऐसे व्यक्ति आते रहे हैं, जो इन कर्मियों के संकेतों पर ही चलते थे। महीने में कई बार पार्टियां आयोजित होती थीं, जिनमें देर रात तक मस्ती होती थी, इन पार्टियों को आयोजित करने के लिए जिले भर से चंदा वसूला जाता था। शासन का कार्य करने के स्थान पर अधिकांश कर्मी एन्जॉय कर रहे थे। भ्रष्टाचार तो सदैव था पर, पहले हर कार्य की कमीशन निर्धारित थी लेकिन, जब से, यह कर्मचारी हावी हुए हैं तब से कमीशन का कोई मानक नहीं बचा है। निलंबन और पटल बदलने का भय दिखा कर मनमानी रकम वसूल लेते हैं, जिससे सीडीओ कार्यालय की गरिमा लगातार गिरती चली गई।
लंबे समय बाद शासन ने सीडीओ पद पर आईएएस गामिनी सिंगला की तैनाती की है, वे योग्य, ईमानदार और तेजतर्रार बताई जा रही हैं, जिससे माना जा रहा है कि वे सीडीओ कार्यालय की साख को पुनः सही कर देंगी लेकिन, सबसे पहले उन्हें अपने कार्यालय की ही व्यवस्था सही करना होगी। खराब छवि के लोगों के बीच रहते हुए साख सही कर पाना असंभव होगा।
(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए वाट्सएप चैनल फॉलो कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)