वजीरगंज में गैर भाजपाई को टिकट देने पर बूथ अध्यक्षों की कड़ी आपत्ति

वजीरगंज में गैर भाजपाई को टिकट देने पर बूथ अध्यक्षों की कड़ी आपत्ति

बदायूं जिले में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को लेकर अफवाहें तेज हो गई हैं। नगर पंचायत वजीरगंज में गैर भाजपाई को टिकट देने की अफवाह पर कार्यकर्ता उबल उठे हैं। सदस्यता प्रमुख और तमाम बूथ अध्यक्षों ने जिलाध्यक्ष को पत्र लिख कर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है।

नगर पंचायत वजीरगंज के सदस्यता प्रमुख के साथ कई बूथ अध्यक्षों ने भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश कुमार शाक्य को पत्र लिख कर अवगत कराया है कि राहुल वार्ष्णेय समाजवादी पार्टी के समर्थक हैं, वे सपा सरकार में खुल कर सपा की नीतियों का समर्थन करते रहे हैं, उनके सामने भाजपा कार्यकर्ता संघर्ष कर रहे थे और शोषण भी हो रहा था, वे तब समाजवादी पार्टी की सरकार में रहते हुए सत्ता सुख भोग रहे थे, उनकी भाभी आज भी समाजवादी पार्टी की ब्लॉक प्रमुख हैं, उनके भाई पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार हिस्ट्रीशीटर हैं। विधान सभा चुनाव में भी राहुल वार्ष्णेय ने सपा प्रत्याशी का चुनाव लड़ाया। राहुल वार्ष्णेय स्वयं जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ कर हार चुके हैं, इसके बावजूद भारतीय जनता पार्टी राहुल वार्ष्णेय की पत्नी शकुंतला वार्ष्णेय को टिकट दे रही है, जो कार्यकर्ताओं के साथ घोर अन्याय है।

भारतीय जनता पार्टी वजीरगंज के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष से आग्रह किया है कि समर्पित कार्यकर्ता को टिकट दिया जाये, इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ेगा और फिर उत्साहित कार्यकर्ता पार्टी की लंबे समय से हो रही हार को जीत में बदल देंगे। यह भी बता दें कि राहुल वार्ष्णेय की पत्नी का टिकट फाइनल होने की अफवाह फैलने के बाद से राहुल वार्ष्णेय के पुराने झंडा, बैनर, पोस्टर, होर्डिंग्स, फोटो और फेसबुक वॉल के स्क्रीन शॉट भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जमकर वायरल किये जा रहे हैं।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply