बच्ची की मौत, दो की हालत गंभीर, पुलिस को नहीं घुसने दे रहे आताताई

बच्ची की मौत, दो की हालत गंभीर, पुलिस को नहीं घुसने दे रहे आताताई

बदायूं जिले में रात होते ही आताताईयों का राज कायम हो जाता है। बीती रात सहसवान में महिला को गोली मारी गई थी, वहीं आज उघैती थाना क्षेत्र में संघर्ष हो गया। लाठी, पत्थर और गोली चलने से एक बच्ची की मौत हो गई है एवं कई लोग घायल हुए हैं। सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। आसपास के कई थानों का पुलिस बल घटना स्थल की ओर दौड़ा दिया गया है, लेकिन गाँव में पहुंच चुकी पुलिस फायरिंग जारी होने के कारण घटना स्थल पर पहुंचने का साहस नहीं जुटा पा रही है।

दुस्साहसिक वारदात उघैती थाना क्षेत्र के गाँव करनपुर की है, यहाँ रात में लगभग दस बजे मामूली कहासुनी बड़े संघर्ष में बदल गई। पहले लाठी-डंडे चले, फिर दो पक्षों के बीच पत्थरबाजी हुई और फिर गोली चलने लगी, जो अभी जारी है। गोली चलते ही दहशत के चलते लोग घरों में घुस गये। गाँव में आताताईयों का राज पूरी तरह कायम नजर आ रहा है। संघर्ष में राजेश कुमार सिंह और उसका बेटा टीटू घायल हो गये हैं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है, वहीं राजेश की धेवती काजल की मौत हो गई है, लेकिन दूसरा पक्ष अभी भी शांत नहीं है। फायरिंग जारी है, जिससे हाहाकार मचा हुआ है।

सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। सहसवान के सीओ आनन-फानन में घटना स्थल की ओर रवाना हो गये, वहीं आसपास के सभी सीओ व समस्त थानों का पुलिस बल गाँव करनपुर की ओर दौड़ा दिया गया है। जिला मुख्यालय से अफसर भी रवाना हो गये हैं। बताते हैं कि पुलिस बल गाँव में पहुंच भी गया है, लेकिन फायरिंग जारी है, इसलिए पुलिस गाँव के अंदर नहीं जा पा रही है। घायल घटना स्थल पर तड़प रहे हैं, जिन्हें शीघ्र उपचार नहीं मिला, तो दम तोड़ सकते हैं एवं काजल का शव भी मौके पर ही पड़ा है।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply