साधारण मानव नहीं, बल्कि परशुराम हैं भाजपा अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय

साधारण मानव नहीं, बल्कि परशुराम हैं भाजपा अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय
चर्चा का विषय बना विवादित पोस्टर।

उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी द्वारा नियुक्त किये गये अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय साधारण मानव नहीं हैं, महापुरुष भी नहीं हैं, वे इस सबसे भी बढ़ कर साक्षात् परशुराम हैं। महेंद्र नाथ पांडेय के बारे में किया गया ऐसा दावा चर्चा का विषय बना हुआ है, इससे समाज के हर वर्ग पर समान रूप से पैठ बना चुकी भाजपा की लोकप्रियता पर दुष्प्रभाव भी पड़ सकता है।

जी हाँ, वाराणसी में कई जगह ऐसे पोस्टर दिखाई दे रहे हैं, जिनमें नव-नियुक्त भाजपा अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय को परशुराम के रूप में दिखाया गया है। पोस्टर में सबसे ऊपर जय परशुराम महाराज और डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय जिंदाबाद का नारा लिखा है। पोस्टर में नीचे उन्हें ब्राह्मण शिरोमणि दर्शाते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने पर बधाई दी गई है एवं विरोधियों के सर्वनाश का दावा किया गया है, इसके अलावा महेंद्र नाथ पांडेय का चित्र भी है, जिसमें उन्हें परशुराम के स्वरूप में दर्शाया गया है। चित्र में वे एक हाथ में धनुष और दूसरे में त्रिशूल की तरह कमल का फूल पकड़े हुए नजर आ रहे हैं।

नव-नियुक्त भाजपा अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय के पोस्टर पर लोगों की नजर पड़ी, तो लोग स्तब्ध रह गये। चारों तरफ पोस्टर चर्चा का विषय बन गये। पोस्टर के फोटो लेकर लोग सोशल साइट्स पर डालने लगे, जिससे पोस्टर पर विवाद की स्थिति बनती जा रही है। लंबे समय के बाद सर्व समाज के बीच पैठ बना चुकी भाजपा को महेंद्र नाथ पांडेय का विवादित पोस्टर नुकसान पहुंचा सकता है।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

पढ़ें: पश्चिमी उत्तर प्रदेश की अनदेखी, नये भाजपा अध्यक्ष पर लग चुकी है रासुका

Leave a Reply