अध्यक्ष और संयोजक द्वारा मेखला, श्रद्धा और पूर्णिमा के नाम प्रस्तावित

अध्यक्ष और संयोजक द्वारा मेखला, श्रद्धा और पूर्णिमा के नाम प्रस्तावित

बदायूं जिले में नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। स्थानीय नेताओं और पदाधिकारियों के बीच टिकट को लेकर मंथन शुरू हो गया है। रविवार को प्रत्येक नगर से जिताऊ प्रत्याशी प्रस्तावित किये गये। चौंकाने वाली बात यह है कि सशक्त दावेदार दीपमाला गोयल और नीरज पत्नी अशोक भारती के नाम पैनल में नहीं दिए गये हैं।

बदायूं नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा में कई दावेदार हैं। दीपमाला गोयल, मेखला पटेल, नीरज पत्नी अशोक भारती, पूनम गुप्ता (पूर्णिमा), श्रद्धा सक्सेना और अजीत वैश्य शुरू से ही सशक्त दावेदार माने जा रहे हैं। मंडल अध्यक्षों और संयोजकों ने रविवार को अपने-अपने क्षेत्रों से संभावित प्रत्याशियों के नाम प्रस्तावित किये। बैठक में क्या हुआ और पैनल में किसके नाम दिए गये, इस बारे में अधिकारिक जानकारी देने को कोई भाजपा नेता तैयार नहीं है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि अध्यक्ष और संयोजक ने दीपमाला गोयल और नीरज पत्नी अशोक भारती का नाम प्रस्तावित नहीं किया है, वहीं अजीत वैश्य का नाम एक कमेटी ने दिया है, जो चौंकाने वाली खबर है।

अध्यक्ष और संयोजक ने मेखला पटेल, पूनम गुप्ता (पूर्णिमा) और श्रद्धा सक्सेना के नाम प्रस्तावित किये हैं, जिन पर सोमवार को अग्रिम कार्रवाई की जायेगी। बता दें कि दीपमाला गोयल दो चुनाव लड़ चुकी हैं, वहीं अशोक भारती बेहद गंभीर व्यक्तित्व के स्वामी हैं, वे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और भाजपा से लंबे समय से जुड़े रहे हैं, इस सबके बावजूद टिकट की जंग में दीपमाला और अशोक भारती की पत्नी नीरज पिछड़ते नजर आ रहे हैं।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

पढ़ें: भाजपा नेत्री दीपमाला गोयल की उम्मीदवारी पर लगा प्रश्न चिन्ह

पढ़ें: टिकट की दावेदार रजनी, श्रद्धा और मेखला भी दो-दो जगह हैं मतदाता

Leave a Reply