भारत के संविधान के विरुद्ध भाजपा ने बना दिए दो उप मुख्यमंत्री: धर्मेन्द्र

भारत के संविधान के विरुद्ध भाजपा ने बना दिए दो उप मुख्यमंत्री: धर्मेन्द्र
सदस्यता पर्ची भेंट करते सांसद धर्मेन्द्र यादव।

बदायूं लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के लोकप्रिय सांसद धर्मेन्द्र यादव ने भाजपा सरकार पर आज फिर जोरदार हमला बोला। सांसद ने कहा कि कानून व्यवस्था का हाल यह है कि पुलिस के अफसर और थानों में पुलिस ही सुरक्षित नहीं है। किसानों की बात करें, तो गेहूं क्रय केंद्र खुले ही नहीं है और जहाँ खुले हैं, वहां भ्रष्टाचार है। बिजली भी नहीं दे पा रहे। चुनाव से पहले जो कहा था, उसका उल्टा ही हो रहा है।

बिसौली में विशाल जनसमूह को सम्बोधित करते हुए सांसद धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का जन्म संघर्ष से हुआ है, पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के संघर्ष का ही परिणाम है कि संगठन के मामले में कोई भी पार्टी समाजवादी पार्टी जिनती मजबूत नहीं है। प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए सांसद ने कहा कि भारत के संविधान में उप मुख्यमंत्री जैसा कोई भी पद नहीं है, परन्तु भाजपा नेताओं ने प्रदेश में दो उप मुख्यमंत्री बनाकर भारत के संविधान को अपमानित करने का काम किया है। बदायूं जनपद के साथ अनेक जनपदों में भी गेहूं क्रय केन्द्र संचालित नहीं किये जा रहे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पिछली समाजवादी पार्टी की सरकार को गुण्डराज कहकर भाजपा नेताओं द्वारा बदनाम किया गया, जबकि हकीकत यह है कि पिछले 2 माह में अपराधी निरंकुश हो गये है, जिससे अपराधो का ग्राफ बहुत ऊपर चला गया है। आज पुलिस के अफसर और उनके परिवार बंगलों में एवं थानों में पुलिस ही सुरक्षित नहीं है।

उन्होंने कहा कि बदायूं में जो योजनायें उन्होंने संचालित की थीं, यह भाजपाई वही सब पूरी करा दें, तो भी इनका बड़ा कार्य माना जायेगा। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की दुर्गति के लिए भाजपा सरकार और नेता ही जिम्मेदार होंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सपा सरकार जितनी बिजली भी नहीं दे पा रही, जबकि चुनाव से पूर्व बड़े-बड़े वादे किये थे।

सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने कहा कि संघर्ष की घड़ी में बदायूं की जनता ने सदैव ही समाजवादियों का साथ दिया है, इसी का परिणाम है कि पार्टी के गठन से अब तक पार्टी का शीर्ष नेतृत्व किसी न किसी रूप में बदायूं जनपद से जुड़ा रहा है तथा 2009 से सांसद धर्मेन्द्र यादव बदायूं जनपद की हर सम्भव सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि आने वाले लोकसभा चुनाव में हम सभी समाजवादी एकजुट होकर पुनः ऐतिहासिक परिणाम देकर धर्मेन्द्र यादव को देश की सबसे बडी पंचायत में भेजने का संकल्प लें।

बदायूं लोकसभा क्षेत्र के सांसद धर्मेन्द्र यादव ने बुधवार को बिल्सी विधान सभा क्षेत्र के अन्तर्गत कस्बा उझानी और बिसौली विधान सभा क्षेत्र के अन्तर्गत कस्बा बिसौली तथा बदायूं विधान सभा क्षेत्र के अन्तर्गत शहर बदायूं में सदस्यता भर्ती अभियान के कैम्प में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, इस दौरान उन्होंने आम जनता व सपा कार्यकर्ताओं को बडी संख्या में समाजवादी पार्टी का सदस्य बनाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने की।

इस अवसर पर पूर्व विधायक आशुतोष मौर्य, पूर्व मंत्री प्रदीप यादव उर्फ गुड्डू भईया, सुरेश पाल सिंह चौहान, सांसद प्रतिनिधि अवधेश यादव, निजी सचिव विपिन कुमार यादव, रामवीर सिंह यादव, महेन्द्र प्रताप सिंह , भैरों प्रसाद मौर्य, निहाल मौर्य, शहनवाज हुसैन, आशीष गर्ग, बलवीर सिंह यादव, हिमांशु यादव, अशोक यादव, हरभान सिंह, सौरभ सक्सेना, प्रभाकर शर्मा, गौरव साहनी, हिमांशु उपाध्याय, वीर सिंह, मोहर सिंह पाल, स्वाले चौधरी, तारिक अली, रंजीत यादव, मन्नू यादव, प्रभात अग्रवाल, नरेश पहलवान सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं)

सांसद धर्मेन्द्र यादव द्वारा दिया गया भाषण सुनने/देखने के लिए वीडियो पर क्लिक करें

Leave a Reply