पूरे प्रदेश में भाजपा के कार्यकर्ताओं का गुंडाराज हावी हो चुका है: धर्मेन्द्र

पूरे प्रदेश में भाजपा के कार्यकर्ताओं का गुंडाराज हावी हो चुका है: धर्मेन्द्र
समाजवादी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण करते सांसद धर्मेन्द्र यादव।

बदायूं लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के लोकप्रिय सांसद धर्मेन्द्र यादव तय कार्यक्रम के अनुसार आज अपने गृह क्षेत्र में पहुंचे, उन्होंने सहसवान में लगाये गये शिविर में समाजवादी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कर युवाओं को प्रेरित किया। सांसद ने कहा कि भाजपा की सरकार बने अभी दो महीने भी नहीं हुए हैं, लेकिन प्रदेश में गुंडाराज हावी हो गया है।

जिलाध्यक्ष आशीष यादव की उपस्थिति में सहसवान विधान सभा क्षेत्र के अन्तर्गत विधायक व पूर्व राज्यमंत्री ओमकार सिंह यादव द्वारा आयोजित सदस्यता भर्ती अभियान के तहत लगाये गये कैम्प में सांसद धर्मेन्द्र यादव ने विधिवत् प्राथमिक सदस्यता ग्रहण करने के बाद कहा कि सदस्यता भर्ती अभियान 15 अप्रैल 2017 से 15 जून 2017 तक राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार चल रहा है। अधिक से अधिक जनता और विशेष रूप से युवा वर्ग समाजवादी पार्टी का सदस्य बन कर जुड़े। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का संगठन अन्य सभी दलों की अपेक्षा मजबूत है।

सांसद ने भाजपा सरकार पर आक्रामक अंदाज में हमला करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बने अभी 2 माह नहीं हुए है, लेकिन पूरे प्रदेश में भाजपा के कार्यकर्ताओं का गुंडाराज हावी हो चुका है। पुलिस खुलेआम सड़कों पर पीट रही है तथा पुलिस अधिकारियों के परिजन ही अपने घर में भी सुरक्षित नहीं है। प्रदेश के मुख्यमंत्री का अपने विधायकों व कार्यकर्ताओं पर कोई नियन्त्रण नहीं रह गया है, इन हालातों से आम जनता भी भयभीत है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने सदैव ही ऐसे समय में देश व प्रदेश की जनता के हितों के लिए सड़क से लेकर संसद तक सघंर्ष किया है और एक बार फिर सभी समाजवादी एकजुट होकर संघर्ष के लिए तैयार है।

सहसवान क्षेत्र से विधायक ओमकार सिंह यादव ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने जनता को झूठी बातें बोलकर सत्ता हासिल कर ली है, देश व प्रदेश के विकास व उन्नति से भाजपा सरकार को कोई सरोकार नहीं है। केन्द्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार है, फिर भी हमारे देश की सीमाएं आंतकवाद से अभी तक सुरक्षित नहीं है, आये दिन सुरक्षा बलों पर जानलेवा हमले हो रहे हैं। सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के सभी कार्यकर्ता पार्टी की सदस्यता अवश्य ग्रहण कर लें, जिससे संगठन को और अधिक मजबूती मिल सके। पार्टी के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर पार्टी के सदस्यता भर्ती अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका का निर्वाह करें।

इस अवसर पर रजनीश गुप्ता, सुरेश पाल सिंह चौहान, सांसद प्रतिनिधि अवधेश यादव, नवाब सिंह, बावर मियां, बलवीर सिंह यादव, खलीक अहमद, नेम सिंह, शोएब नकवी, दुर्गेश यादव, अवधेश यादव, सुनील यादव विल्ला, मन्सूर खां, वासित अली, ऋषिपाल सिंह, सतीश यादव, उवैदुर्रहमान एडवोकेट, बच्चू अन्सारी, हाफिज इरफान, आलोक माहेश्वरी, संजीव माहेश्वरी, सोवरन सिंह, मजाहिर अली, शानू प्रधान, नेत्र राम सिंह, आरिफ अली, मुन्ने भाई, अनिल प्रधान, भूरा मेम्बर, सलमान खां और प्रभात अग्रवाल सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं)

प्राथमिक सदस्य बनते हुए सांसद धर्मेन्द्र यादव का वीडियो भी देखें

Leave a Reply