अखिलेश यादव को रोकने पर सपाई हुए बेकाबू, धर्मेन्द्र के सिर में लगी चोट

अखिलेश यादव को रोकने पर सपाई हुए बेकाबू, धर्मेन्द्र के सिर में लगी चोट

लखनऊ से प्रयागराज स्थित इलाहाबाद विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले छात्रों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने जा रहे अखिलेश यादव को हवाई अड्डे पर रोक दिया गया, जिसके बाद प्रदेश भर में सपा कार्यकर्ता उबल उठे। इलाहाबाद में हिंसक घटना हो गई। भिड़ंत में एक पुलिस अफसर घायल है, वहीं सांसद धर्मेन्द्र यादव के सिर में चोट आई है। शहर में पुलिस बल बढ़ा दिया गया है।

अखिलेश यादव के रोके जाने की सूचना प्रयागराज पहुंची तो, सपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए बदायूं से सपा सांसद धर्मेंद्र यादव के साथ जुलूस निकालने लगे। जुलूस में सांसद नागेन्द्र पटेल और प्रवीण निषाद भी थे, जिससे सपाई उत्तेजित होते चले गये। आक्रोशित कार्यकताओं ने बालसन चौराहे पर सरकारी होर्डिंग फाड़ दिए।

सपाईयों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो, चक्काजाम भी कर दिया गया। तोड़-फोड़ कर रहे सपा कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठी चार्ज कर दी, जिसके बाद सपा कार्यकर्ताओं ने पथराव करना शुरु कर दिया। भगदड़ के दौरान कई सपा कार्यकर्ता और सांसद धर्मेंद्र यादव घायल हो गये। धर्मेन्द्र यादव के सिर में चोट आई है।

उधर प्रदेश के कई हिस्सों में आक्रोशित सपाईयों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया। बदायूं लोकसभा क्षेत्र में मुख्यालय पर डीसीबी के पूर्व चेयरमैन ब्रजेश यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की एवं कलेक्ट्रेट के सामने रोड जाम कर दिया, जिसके बाद पुतला भी फूंका, इस दौरान पुलिस से तीखी नोंक-झोंक भी हुई। प्रदर्शन में युवजन सभा के जिलाध्यक्ष वसीम अहमद अंसारी, महासचिव रवीन्द्र शाक्य, स्वाले चौधरी सहित तमाम पदाधिकारी रहे। लालपुल पर जिला सचिव सलीम अहमद के नेतृत्व में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी का पुतला फूंका गया।

गुन्नौर विधान सभा क्षेत्र में युवा नेता अमित यादव के नेतृत्व में जमकर प्रदर्शन किया गया, इस दौरान पुलिस से भी जमकर बहस हुई। प्रदर्शन में आरिफ अली, मुजफ्फर अली, रामू यादव, अमरीश यादव, शेखर गुप्ता, जिप्पी खान, देवपाल सिंह, अख्तर अली, संजय यादव, शोभित भारद्वाज, लकी उस्मानी, पुष्पेन्द्र यादव, मेघ सिंह, अवधेश यादव, राजीव गोयल सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply