कर्ज में डूबे कृषक प्रधान ने पेड़ पर चादर से लटक कर की आत्म हत्या

कर्ज में डूबे कृषक प्रधान ने पेड़ पर चादर से लटक कर की आत्म हत्या

बदायूं जिले में कर्ज में डूबे किसान ने आज आत्म हत्या कर ली, जिससे मृतक के घर कोहराम मचा हुआ है। मृतक प्रधान भी था। घटना को लेकर क्षेत्र के लोग स्तब्ध हैं। पुलिस ने पंचनामा भर कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हृदय विदारक घटना बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गाँव कुढ़ौली की है, यहाँ के भारत सिंह यादव (55) ने कर्ज में डूबे होने के कारण आत्म हत्या कर ली। मृतक गाँव का प्रधान भी था। बताते हैं कि सुबह ओड़ने वाली चादर लेकर भारत सिंह यादव शौच के लिए गये थे, तभी जोगेंद्र के खेत में खड़े आम के पेड़ पर चादर से फंदा बना कर लटक गये। गाँव के ही कुछ बच्चे जामुन खाने के लिए उधर गये, तब उन्होंने भारत सिंह यादव को पेड़ पर लटके हुए देखा और फिर बच्चों ने गाँव में आकर सूचना दी, जिसके बाद कोहराम मच गया। परिजनों के साथ ग्रामीण घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मृतक के पुत्र द्वारा तहरीर देने पर पुलिस ने पंचनामा भर कर शव पोस्टमार्टम के जिला मुख्यालय लिए भेज दिया है।

ग्रामीणों का कहना है कि मृतक ने अलग-अलग फाइनेंस कंपनियों से तीन ट्रैक्टर कर्ज पर ले रखे थे, जिनकी वह किश्तें जमा नहीं कर पा रहा था। दो दिन पूर्व एक फाइनेंस कंपनी एक ट्रैक्टर घर से ले गई थी, जिसके बाद से वह अवसाद ग्रस्त था। बताते हैं कि मृतक का बड़ा खानदान है, जिससे वह प्रधान तो चुन गया, लेकिन उसने चुनाव में काफी खर्च किया था, इसके बाद बेटे के विवाह में बड़ी दावत दी, जिसमें काफी खर्च हुआ, इसके बाद बेटी की शादी की, उसमें भी बड़ा खर्च हुआ, इस सबके चलते वह कर्ज में डूबता चला गया और अंत में प्राण ही दे दिए। बताते हैं कि मृतक व्यवहार कुशल व्यक्ति था।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं)

घटना स्थल पर रोते-विलखते परिजन और ग्रामीण।

 

Leave a Reply