अखिलेश यादव का परचम बुलंद करने को कैराना पहुंचे धर्मेन्द्र

अखिलेश यादव का परचम बुलंद करने को कैराना पहुंचे धर्मेन्द्र

कैराना लोकसभा क्षेत्र में भाजपा सांसद हुकुम सिंह के निधन के चलते उप-चुनाव होने वाला है। 16 लाख मतदाताओं वाले क्षेत्र में 28 मई को उप-चुनाव होना है, यहाँ दलित और मुस्लिम मतदाता पचास प्रतिशत से भी अधिक बताये जाते हैं। भाजपा हर हाल में अपनी सीट बचाने में जुटी है, वहीं समाजवादी पार्टी गोरखपुर और फूलपुर वाला परिणाम दोहराना चाहती है, इस चुनाव में भी सपा ने बाजी मार ली तो, आम चुनाव के लिए सकारात्मक संदेश जायेगा, इसलिए सपा के कर्मठ, जुझारू और विश्वसनीय योद्धा क्षेत्र में पहुंच गये हैं। सांसद धर्मेन्द्र यादव ने क्षेत्र में भ्रमण कर और जनसभाओं को संबोधित कर धूम मचा दी है, वे अखिलेश यादव का परचम बुलंद रखने के लिए भीषण गर्मी को दरकिनार कर रात-दिन कड़ी मेहनत करते नजर आ रहे हैं।

जलालाबाद में सांसद धर्मेन्द्र यादव रोजा अफ्तार पार्टी में शामिल हुए, साथ ही उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा असंवैधानिक तरीके से कार्य कर रही है, जिसका ताजा उदहारण कर्नाटक का है, जहाँ जबरन सरकार बनाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा का आम जनता से कोई मतलब नहीं है, पेट्रोल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, अन्य तमाम चीजों की कीमतें निरंतर बढ़ रही हैं, जिससे समाज का हर वर्ग त्रस्त नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि विकास कराने में असफल रही भाजपा सरकार चुनाव के दौरान तरह-तरह की अफवाहें फैलाती है और अफवाहों के आधार पर चुनाव जीतने का प्रयास करती है लेकिन, यहाँ की जनता बेहद जागरूक है, साथ ही सभी को विशेष सतर्क रहना है, किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देना है।

इस दौरान बलराम सिंह यादव, रामगोविंद चौधरी, ओमप्रकाश सिंह, पंडित सिंह, नरेश उत्तम, इमरान मसूद के अलावा अन्य तमाम स्थानीय नेताओं ने भी विचार व्यक्त किये। सांसद 24 मई को भी कई स्थानों पर सपा प्रत्याशी के पक्ष में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। आम जनता के साथ युवाओं के बीच सांसद धर्मेन्द्र यादव का विशेष क्रेज है, वे जहाँ भी जाते हैं, वहां के युवा उनसे मिलने को आतुर हो उठते हैं।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply