भाजयुमो ने निकाली तिरंगा यात्रा, उसावां में लगे अखिलेश जिंदाबाद के नारे

भाजयुमो ने निकाली तिरंगा यात्रा, उसावां में लगे अखिलेश जिंदाबाद के नारे
भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा निकाली गई विशाल तिरंगा यात्रा का दृश्य।

बदायूं में भारतीय जनता पार्टी के आह्वान पर आज भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अंकित मौर्य के नेतृत्व में जोरदार तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजयुमो के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मोटर साइकिलों से शहर में भ्रमण किया, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति में बदल गया, वहीं कस्बा उसावां में रैली सफल बनाने के लिए स्कूल के बच्चों का सहारा लिया गया, जिन्होंने अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगा कर फजीहत कर दी।

शहर में इस्लामियां इंटर कॉलेज के मैदान पर सुबह 10 बजे भाजयुमो के सैकड़ों कार्यकर्ता जमा हुए, जहाँ से जिलाध्यक्ष अंकित मौर्य के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा को भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य, विधायक महेश चंद्र गुप्ता व पूर्व विधायक प्रेमस्वरूप पाठक ने झंडा दिखाकर रवाना किया, इस अवसर पर जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य ने कहा आज पूरे प्रदेश में यह यात्रा युवा मोर्चा द्वारा निकली जा रही है, युवाओं में राष्ट्र प्रेम की भावना जागृत हो, युवा आजादी के महत्व को जानें, इसलिये यह आयोजन भाजपा द्वारा किया गया है। विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि 15 अगस्त को हमारा देश स्वतंत्र हुआ था, इस आजादी के पीछे न जाने कितने लोगों ने अपनी जान गवां दी, तब जाकर हमें यह आजादी मिली है, युवाओं में राष्ट्र प्रेम की भावना बनी रहे, भाजपा इसलिये यह आयोजन कर रही है, क्योंकि युवा ही आगे इस देश को चलाएंगे। पूर्व विधायक प्रेमस्वरूप पाठक ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकानाएं देते हुए कहा कि राष्ट्र सर्वोपरि रहना चाहिए, बाकी सब बाद में। युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अंकित मौर्य ने तिरंगा यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी युवाओं का आभार प्रकट किया एवं आह्वान किया कि अधिक से अधिक संख्या में युवा भारतीय जनता पार्टी और युवा मोर्चा से जुड़ें, क्योंकि जिस ओर जवानी चलती है, उस ओर जमाना चलता है।

तिरंगा यात्रा इस्लामियां इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर लावेला चौक, रजी चौक, सुभाष चौक, हलवाई चौक, टिकतगंज चौक, पथिक चौक, गोपी चौक, छः सड़का, दिनेश चौक एवं इंद्रा चौक होते हुए इस्लामियां कॉलेज पर ही आकर सम्पन्न हुई। यात्रा में लोकसभा पालक अशोक भारती, जिला महामंत्री सुधीर श्रीवास्तव, राजेश्वर सिंह पटेल, शारदेंदु पाठक, नेकपाल कश्यप, सीमा राठौर, पूनम गुप्ता, रेनु सिंह, विश्वजीत गुप्ता, प्रभाशंकर वर्मा, पारस गुप्ता, हिमांशु कठेरिया, विनीत पांडे, प्रतीक मिश्रा, तरुण राठौर, मनोज मोदी, सोवरन सिंह, मधुसूदन गुप्ता, अमन गुप्ता, आशीष शाक्य, मुनीश अग्रवाल, मनोज विट्टन, राजकुमार प्रजापति, नवनीत गुप्ता, पंकज गुप्ता, कमलजीत भूरानी और पंकज माथुर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

उधर कस्बा उसावां में भी तिरंगा यात्रा निकाली गयी, जिसमें भाजपा के पदाधिकारियों ने समाज सेवियों के साथ स्कूल के छात्रों को भी शामिल कर लिया, इस दौरान बच्चों ने यात्रा में समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगा कर भाजपा की ही फजीहत कर दी। तिरंगा यात्रा में अखिलेश यादव के नारे लगने की घटना चर्चा का विषय बनी हुई है। भाजपाई कह रहे हैं कि यात्रा में असामाजिक तत्व घुस गये थे, जिन्होंने माहौल खराब करने का प्रयास किया था, लेकिन वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि स्कूल के छोटे बच्चे नारे लगा रहे हैं। बच्चों ने नारे अज्ञानता में लगाये, या उनसे लगवाये गये थे, इस बारे में पता नहीं चल पा रहा है।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply