राज्यमंत्री बनवारी सिंह यादव ने की अग्नि पीड़ितों की मदद

राज्यमंत्री बनवारी सिंह यादव ने की अग्नि पीड़ितों की मदद
 
अग्नि पीड़ित को आर्थिक सहायता प्रदान करते राज्यमंत्री बनवारी सिंह यादव।
अग्नि पीड़ित को आर्थिक सहायता प्रदान करते राज्यमंत्री बनवारी सिंह यादव।
उत्तर प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित्त विकास निगम के अध्यक्ष, दर्जा राज्यमंत्री बनवारी सिंह यादव ने तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम गुलाबगंज गनिहाई पहुंचकर 151 अग्नि पीड़ितों को 8 लाख 97 हजार एक सौ रूपए के चेक वितरित किये एवं आम लोगों ने भी नकद राशि देकर अग्नि पीड़ितों की सहायता की।
बुधबार को दर्जा राज्यमंत्री बनवारी सिंह यादव एवं जिलाधिकारी शम्भूनाथ ने उप जिलाधिकारी सदर प्रदीप कुमार यादव के साथ गांव पहुंचकर अग्नि पीड़ितों के दुख-दर्द को महसूस किया और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। एक सौ अग्नि पीड़ितों को 7900 रूपए प्रति अग्नि पीड़ित की दर से 7 लाख 90 हजार रूपए तथा पशु हानि पर 51 अग्नि पीड़ितों को 2100 रूपए प्रति पीड़ित की दर से एक लाख सात हजार एक सौ रूपए के चेक वितरित कर आर्थिक मदद की। बनवारी सिंह यादव ने जिन घरों में लड़कियों की शादी जल्द होने वाली है, उनको एक-एक बोरा चावल तथा शेष पीड़ितों को प्रति परिवार 20 किलोग्राम चावल दिलाने की व्यवस्था की है। बनवारी सिंह यादव द्वारा निजी आर्थिक सहायता के अतिरिक्त जिलाधिकारी ने बेटी की शादी निकट होने के कारण दस हजार रूपए की नकद आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। आम लोगों ने भी लड़की की शादी को दृष्टिगत रखते हुए नकद रूप में लगभग तीस हजार रूपए की आर्थिक सहायता पीड़ित को राज्यमंत्री के कर कमलो द्वारा दिलाई गई।
पीड़ितों की मदद को आगे आयें लोग
हल्दी लगाई की रस्म ठीक प्रकार से पूरी भी नहीं हुई थी कि ग्राम गुलाबगंज गनिहाई में एक वाल्मीकी परिवार की दो अनाथ बेटियों पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा कि सुनकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं। गांव की दो सगी अनाथ बहनों की शादी के लिए उसके ताऊ कैलाश ने जैसे तैसे शादी के लिए जो सामान इकठ्ठा किया वह सब राख हो गया। लड़कियां जब आर्थिक सहायता लेने आईं तो हल्दी लगी हुई थी, हाथ कंगना आदि बंधा हुआ था और आंखों से आंसू जारी थे। कुछ अर्सा पूर्व ही माता पिता का देहान्त हो चुका है। दोनों लड़कियां और दो अल्प आयु के भाई मदद की आश लगाये हुए थे। दोनों लड़कियों को 7900-7900 रूपए की आर्थिक सहायता के अलावा अन्य आम लोगों ने भी नकदी के रूप में सहायता की, ऐसे मामलों में स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापारियों, सम्भ्रान्त नागरिकों तथा दानदाताओं को खुलकर अग्नि पीड़ितों की सहायता करनी चाहिए। इस अवसर पर नायब तहसीलदार राधेश्याम शर्मा सहित अन्य राजस्व कर्मी और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply