दहेज लोभी शौहर ने तीन लाख न मिलने पर जहर देकर मार दी बीवी फरीन

दहेज लोभी शौहर ने तीन लाख न मिलने पर जहर देकर मार दी बीवी फरीन
मृतका फरीन

बदायूं जिला महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं रहा। यौन उत्पीड़न और हत्याओं की वारदातों में गिरावट नहीं आ पा रही है। तीन लाख रूपये दहेज में न देने पर दरिंदे शौहर ने बीवी को जहर देकर मौत के घाट उतार दिया। मृतका के घर कोहराम मचा हुआ है।

सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सोथा निवासी बलि मोहम्मद ने बेटी फरीन का निकाह छः माह पूर्व कस्बा इस्लामनगर निवासी फैजान हैदर से किया था। निकाह में हैसियत के अनुसार दहेज भी दिया था, लेकिन दहेज लोभी शौहर फैजान और उसका परिवार निकाह के कुछ दिन बाद ही तीन लाख रूपये की मांग करने लगा, फरीन को पीटा जाने लगा। आरोप है कि तीन माह पहले दहेज को लेकर ही फरीन को बेरहमी से इतना पीटा कि वह बेहोश हो गई। बेहोशी की हालत में फरीन को घर से बाहर फेंक दिया गया। किसी तरह मायके वालों को पता चला, तो जाकर फरीन को ले आये और उसका उपचार कराया, तब से फरीन पिता के घर पर ही रह रही थी।

पिता का आरोप है कि सोमवार को फैजान हैदर आया था और शहर के मोहल्ला कबूलपुरा में स्थित अपनी नानी के घर पर फरीन को भी ले गया था। फरीन रात को लौटी, तो उसकी हालत खराब थी। फरीन को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने फरीन को मृत घोषित कर दिया। पिता बलि मोहम्मद का आरोप है कि शौहर फैजान हैदर ने फरीन को खाने में जहर दे दिया, जिससे उसकी मौत हुई है। फरीन के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। घटना चर्चा का विषय बनी हुई है, साथ ही एक वर्ष से पहले ही रिश्ता टूटने और फरीन की हत्या होने से अधिकांश लोग दुखी हैं।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं)

Leave a Reply