दायित्वों की घोषणा होने से भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता स्तब्ध

दायित्वों की घोषणा होने से भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता स्तब्ध

बदायूं जिले में भारतीय जनता पार्टी के अंदर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। भाजपा में शामिल होने को लेकर एवं संगठन में दायित्व लेने को लेकर अंदर ही अंदर घमासान मचा हुआ है। जोड़-तोड़ की राजनीति में मेहनती कार्यकर्ताओं का नुकसान होता दिख रहा है, वहीं चापलूस तेजी से दबदबा बनाते नजर आ रहे हैं, जिससे मूल भाजपाईयों में असंतोष का भाव पनप रहा है।

भारतीय जनता पार्टी चुनाव को ध्यान में रखते हुए तेजी से संगठन का विस्तार में करने में जुटी हुई है। संगठन को मजबूत करने के क्रम में नये प्रकोष्ठ सृजित किये जा रहे हैं, जिनकी कमेटियां बूथ स्तर तक बनाई जा रही हैं। गैर भाजपाई लोकसभा चुनाव की आड़ में भाजपाई बनने के साथ दायित्व हथियाने को भी आतुर नजर आ रहे हैं, जिससे गैर भाजपाई रात-दिन चापलूसी में जुटे रहते हैं। मूल भाजपाई चापलूसी नहीं कर पा रहे, क्योंकि उन्हें विश्वास है कि वे तो हैं ही भाजपाई, सो कहीं-कहीं भाजपाईयों को पछाड़ कर चापलूस आगे बढ़ गये हैं, इस सबको लेकर भाजपा कैडर के कार्यकर्ताओं में असंतोष पनप रहा है। मूल भाजपाईयों का उत्साह कमजोर हुआ तो, चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन पर दुष्प्रभाव पड़ सकता है।

खैर, हाल-फिलहाल उसहैत नगर पंचायत की चेयरमैन सैनरा वैश्य को लेकर जिले भर के भाजपा कार्यकर्ता स्तब्ध नजर आ रहे हैं। सैनरा वैश्य को भाजयुमो सदस्यता अभियान का ब्रज क्षेत्र का संयोजक बनाया गया है, उनके साथ भाजयुमो के निवर्तमान जिलाध्यक्ष अंकित मौर्य को सह-संयोजक बनाया गया है। यहाँ विशेष बात यह है कि सैनरा वैश्य निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नगर पंचायत का चुनाव जीती थीं और चुनाव जीतने के बाद स्वयं को भाजपाई दर्शाने लगी थीं लेकिन, उनकी भाजपा में शामिल होने की घोषणा अभी तक नहीं हुई है पर, उन्हें क्षेत्रीय संयोजक के रूप में महत्वपूर्ण दायित्व दे दिया गया है और उनके साथ निवर्तमान जिलाध्यक्ष अंकित मौर्य को सह-संयोजक बनाया गया है, जिससे जिले भर के भाजपाई स्तब्ध नजर आ रहे हैं।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply