महेश चंद्र गुप्ता का एक और हमला, आबिद रजा द्वार का अस्तित्व खत्म

महेश चंद्र गुप्ता का एक और हमला, आबिद रजा द्वार का अस्तित्व खत्म

बदायूं विधान सभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विधायक महेश चंद्र गुप्ता की तूती बोल रही है। पूर्व दर्जा राज्यमंत्री आबिद रजा पर हमला करने की कोई कल्पना तक नहीं कर सकता लेकिन, महेश चंद्र गुप्ता ने दूसरा बड़ा हमला किया है। बारात घर ध्वस्त कराने के बाद आबिद रजा नाम के द्वार का अस्तित्व खत्म करा दिया। प्रकरण क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

आबिद रजा सदर विधान सभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी के निवर्तमान विधायक हैं, वे सपा सरकार में दर्जा राज्यमंत्री भी थे, उनकी सपा सरकार में तूती बोलती थी। सपा सरकार में उन्होंने सांसद धर्मेन्द्र यादव से खुली जंग छेड़ दी थी लेकिन, धर्मेन्द्र यादव को ही पीछे हटना पड़ा था। सरकार जाने के बाद भी आबिद रजा की धमक बरकरार रही। उनका सामना करने की हिमाकत कोई नहीं करता पर, विधान सभा चुनाव के दौरान महेश चंद्र गुप्ता ने आबिद रजा पर शिकंजा कसने का संकल्प लिया था।

महेश चंद्र गुप्ता चुनाव जीत गये और प्रदेश में भाजपा सरकार भी बन गई। महेश चंद्र गुप्ता ने आबिद रजा के बारात घर पर हमला कर दिया। लंबी प्रक्रिया के बाद प्रशासन ने आबिद रजा के बारात घर पर बुल्डोजर चलवा दिया, जिससे महेश चंद्र गुप्ता छा गये। हालाँकि आबिद रजा बारात घर टूटने से बहुत ज्यादा परेशान नहीं हुए। उन्होंने सिर्फ इतना कहा व्यक्तिगत हमला नहीं करना चाहिए था।

अब कुंवरगाँव नगर पंचायत में बने आबिद रजा द्वार का अस्तित्व मिटा दिया गया है। कुंवरगाँव में नगर पंचायत की निधि से द्वार बनाया गया था, जिसका नाम आबिद रजा के नाम पर था। आबिद रजा का नाम हटा दिया गया है, जिसकी क्षेत्र में व्यापक स्तर पर चर्चा की जा रही है।

बता दें कि आजम खान और आबिद रजा करीबी हैं। हाल ही में रामपुर में उर्दू द्वार तोड़ा गया है। हालाँकि उर्दू द्वार ट्रैफिक रोकने को बनवाया गया था, इसलिए ध्वस्त किया गया है पर, आजम खान उर्दू द्वार नाम होने के कारण तोड़ने का आरोप लगा रहे हैं।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply