सहानुभूति जताने के बहाने आबिद रजा से मिली शिवपाल सिंह की टीम

सहानुभूति जताने के बहाने आबिद रजा से मिली शिवपाल सिंह की टीम

बदायूं विधान सभा क्षेत्र के समाजवादी पार्टी के निवर्तमान विधायक व पूर्व दर्जा राज्यमंत्री आबिद रजा पर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के नेताओं ने डोरे डालने शुरू कर दिए हैं। पार्टी के कई बड़े नेता सहानुभूति जताने के बहाने आबिद रजा से न सिर्फ मिले बल्कि, उनके साथ खड़े होने का आश्वासन भी दिया।

उल्लेखनीय है कि आबिद रजा समाजवादी पार्टी में अलग-थलग पड़ते जा रहे हैं। प्रशासन ने उनका भवन धराशाई कर दिया, इसके बावजूद समाजवादी पार्टी के किसी नेता ने उनसे संपर्क करना भी उचित नहीं समझा। सूत्रों का कहना है कि आबिद रजा को किसी सपा नेता ने फोन तक नहीं किया, जबकि उन्हें अन्य तमाम दलों के स्थानीय, प्रांतीय और राष्ट्रीय नेताओं ने फोन कर सांत्वना दी। शिवपाल सिंह यादव की टीम प्रदेश भर में बनते-बिगड़ते राजनैतिक समीकरणों पर गहरी नजर रखे हुए है, उनकी टीम की नजर आबिद रजा पर भी थी, सो सहानुभूति जताने के बहाने बरेली जिले के कद्दावर नेता वीरपाल सिंह यादव, शाहिला ताहिर, जिलाध्यक्ष मलखान सिंह यादव, अंजुम रजा, बदायूं के नव-नियुक्त जिलाध्यक्ष धीरेन्द्र यादव, राजकुमार यादव, अशोक यादव, प्रशांत यादव और मो. जफरुद्दीन सहित अन्य तमाम लोग अचानक आबिद रजा के आवास पर पहुंच गये।

देर शाम आबिद रजा के आवास पर पहुंच कर शिवपाल सिंह यादव की टीम ने न सिर्फ सांत्वना दी बल्कि, आबिद रजा के साथ खड़े होने का आश्वासन भी दिया। वीरपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा से ज्यादा खतरनाक वे सांप हैं, जो बगल में छुपे हैं, पहले उन्हें ही बाहर निकाल कर मारना होगा।

सूत्रों का कहना है कि बैठक में राजनैतिक चर्चा बहुत ज्यादा नहीं हुई, फिर भी इस मुलाकात के राजनैतिक मायने निकाले जा रहे हैं। लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेन्द्र यादव के विरुद्ध आबिद रजा बेहद मजबूत प्रत्याशी माने जा रहे हैं लेकिन, आबिद रजा क्या निर्णय लेंगे, इसको लेकर अभी तक असमंजस की स्थिति बनी हुई है, क्योंकि वे अभी तक समाजवादी पार्टी में ही हैं और उनकी ओर से अभी तक सपा छोड़ने के संकेत भी नहीं आये हैं।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply