बारात चढ़ते समय बवाल, दूल्हा और परिजन जमकर पीटे

बारात चढ़ते समय बवाल, दूल्हा और परिजन जमकर पीटे

बदायूं जिले में वो सब भी होता है, जो और कहीं नहीं होता। बारात चढ़ते समय लड़की के भाई ने कह दिया कि जिसे देख कर आये थे, यह वह लड़का नहीं है, इसके बाद लड़की पक्ष ने दूल्हा और उसके परिजनों को पीटना शुरू कर दिया। प्रकरण थाने तक पहुंच गया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया।

कुंवरगाँव थाना क्षेत्र के गाँव बर्खिन में बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गाँव भटपुरा से बारात आई थी, बारात चढ़ते समय दुल्हन के भाई ने कह दिया कि दूल्हा बदल कर आया है। लड़की के भाई का दावा था कि वे जिस लड़के से रिश्ता तय कर के आये थे, यह वह लड़का नहीं है, इसी बात पर दोनों पक्षों में तीखी नोंक-झोंक होने लगी और फिर मारपीट शुरू हो गई। बताते हैं कि लड़की पक्ष के लोगों ने दूल्हा और उसके परिजनों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। शादी का उल्लास मातम में बदल गया, चारों ओर हाहाकार मच गया। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने में कई घंटे तक टहलाया। बताते हैं कि एक पक्ष का दबाव होने के चलते पुलिस ने दूसरे पक्ष को डराया। जो भी रहा हो पर, अंत में दोनों पक्षों में समझौता हो गया, जिसके बाद शादी की आगे की रस्में हुईं। घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply