गंगा के सीने को चीर कर अवैध खनन से बना दिया रेत का पहाड़

गंगा के सीने को चीर कर अवैध खनन से बना दिया रेत का पहाड़

बदायूं जिले में सत्ता परिवर्तन के बाद विकास की गति धीमी हो गई, लेकिन आपराधिक वारदातों और भ्रष्टाचार में कोई कमी नहीं आई है। जघन्य वारदातें निरंतर घटित हो रही हैं, वहीं अवैध खनन भी खुलेआम किया जा रहा है। हाईवे के किनारे गंगा का सीना रात-दिन चीरा जा रहा है, पर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह बेखबर नजर आ रहा है।

समाजवादी पार्टी की सरकार में विकास की गति बहुत तेज थी, लेकिन अपराधों का ग्राफ भी बढ़ा होने के चलते आम जनता ने सपा को नकार दिया और भाजपा को बंपर समर्थन दिया, पर भाजपा की सरकार बनने के बाद उल्टा होता नजर आ रहा है। अब विकास की गति शून्य के आस-पास है और अपराधों का ग्राफ पहले से भी बढ़ गया है। हत्या, लूट, डकैती, राहजनी जैसी वारदातों को रोकने में पुलिस जुटी हुई है। माना जा सकता है कि ऐसी वारदातें अचानक से बंद नहीं हो सकतीं, इसमें थोड़ा समय लगेगा, लेकिन खुलेआम गंगा में जेसीबी से किया जा रहा अवैध खनन किसी को हजम नहीं हो रहा।

उझानी कोतवाली क्षेत्र में कछला के पास गंगा में जेसीबी से निरंतर अवैध खनन किया जा रहा है। सैकड़ों डंपर प्रतिदिन हाईवे पर दौड़ते रहते हैं। गंगा के सीने को चीर कर रेत का पहाड़ बना दिया गया है, जो हाईवे से ही नजर आ जाता है, लेकिन यह सब पुलिस-प्रशासन को नजर नहीं आ रहा है। खुलेआम हो रहे अवैध खनन से पुलिस, प्रशासन, सरकार और भाजपा की छवि निरंतर खराब हो रही है।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply