गरीब मुस्लिम परिवार की बच्चियों को नहीं खोज पा रही पुलिस

गरीब मुस्लिम परिवार की बच्चियों को नहीं खोज पा रही पुलिस

बदायूं जिले के थाना मूसाझाग क्षेत्र से गायब हुईं नाबालिग सगी बहनों का आठ माह बाद भी पुलिस पता नहीं लगा पाई है। माता-पिता पुलिस के आगे गुहार लगाते-लगाते थक चुके हैं एवं रात-दिन रोने के कारण उनकी आँखों में आंसू भी सूख चुके हैं। पीड़ित माँ अब आईजी के दरबार में गुहार लगाने जायेगी।

मूसाझाग थाना क्षेत्र से 27 अप्रैल 2017 की शाम 5 बजे के करीब एक गरीब मुस्लिम परिवार की 15 वर्षीय और 6 वर्षीय पुत्रियाँ बहला-फुसला कर एक व्यक्ति तांगे में बैठा कर ले गया था। घटना के समय लड़कियों के साथ 8 वर्षीय भाई भी था, जिसने घर आकर घटना के बारे में बताया। पिता ने घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी, तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया, लेकिन पीड़ित माँ-बाप का आरोप है कि पुलिस लड़कियों को बरामद करने में रूचि नहीं दिखा रही है। पीड़ित माँ-बाप का कहना है कि लड़कियाँ वजीरगंज थाना क्षेत्र के गाँव पुसगवां में देखी गई थीं।

पीड़ित का कहना है कि एसएसपी से मिलते हैं, तो वे थाना पुलिस को लड़कियों को बरामद करने का निर्देश देते हैं, लेकिन थाना पुलिस फिर भी कुछ नहीं कर रही है। आरोप है कि पुलिस समय-समय पर लोगों को हिरासत में लेती रही है, लेकिन आर्थिक सांठ-गांठ कर छोड़ती भी रही है। पीड़ित को आशंका है कि उसकी बच्चियों की हत्या हो सकती है एवं उन्हें बेच कर जिस्म फरोशी के धंधे में भी उतारा जा सकता है। पीड़ित माँ का कहना है कि वह अब बरेली जाकर आईजी के दरबार में गुहार लगायेगी।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply