पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को साकार कर रही मोदी व योगी सरकार: बीएल वर्मा

पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को साकार कर रही मोदी व योगी सरकार: बीएल वर्मा

बदायूं जिले में भारतीय जनसंघ के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि भाजपाइयों ने 2575 बूथों पर कार्यक्रम आयोजित कर मनाई। कार्यकर्ताओं ने पार्टी के लिए तन और मन से समर्पण के संकल्प के साथ समर्पण राशि भी समर्पित की। केंद्रीय बीएल वर्मा ने उझानी नगर में आयोजित किये गये कार्यक्रम में कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय मां भारती के सच्चे सपूत थे, वे एक व्यक्ति मात्र नहीं बल्कि, मानवतावादी विचार की प्रतिमूर्ति थे, उनके विचार और चिंतन के बल पर ही आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है।

बीएल वर्मा ने उनके संघर्षमय जीवन को प्रेरणा स्रोत बताते हुए कहा कि प्रखर राष्ट्रवादी, एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के प्रणेता, भाजपा कार्यकर्ताओं के पथ प्रदर्शक पंडित दीनदयाल की विचारधारा को अपनाते हुए भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बना, पंडित दीनदयाल के विचार देश एवं समाज के लिए प्रसांगिक हैं, एकात्म मानववाद पुस्तक सभी कार्यकर्ताओं को पढ़ना चाहिए, आत्मसात कर जीवन में उतार कर लोगों को बताना चाहिए।

उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय की कार्य पद्धति से प्रेरणा लेकर संकल्पित समर्पित होकर कार्यकर्ता पूर्ण निष्ठा के साथ समाज एवं देश को आगे लेकर चलें, यही सच्ची श्रद्धांजलि महामानव दीनदयाल उपाध्याय के प्रति होगी, उनके विचारों का समावेश समर्पण भाव से गरीब, दलित,असहायों की सेवा एवं उत्थान की परिकल्पना ही पंडित जी का सपना रहा। विचार आत्मसात करने की जरूरत है, पथ प्रदर्शक संघर्षशील महान विचारक पंडित जी के सपनों का भारत बनने की ओर अग्रसर है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को आज मोदी सरकार व योगी सरकार पूरा कर रही है।

जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने सिविल लाइन में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि पंडित दीनदयाल महामानव थे, जिनमें अद्भुत संगठन क्षमता थी और विचारों की गहराई भी थी, स्व. दीनदयाल उपाध्याय ने अपना कण-कण और क्षण-क्षण राष्ट्र की सेवा में समर्पित किया। आजीवन सहयोग निधि का विचार भारतीय जनता पार्टी को दिया, जिसको इस वर्ष समर्पण निधि कहा गया है, समर्पण निधि के आधार पर पार्टी इतिहास बनाने का काम करेगी, पार्टी के कार्यकर्ता जब कोई संकल्प लेते हैं तो, उसे बिना किसी विकल्प के पूरा करते हैं। संगठन के सुचारू संचालन के लिए जो आवश्यक है, उस दिशा में समर्पण निधि एक बड़ी अवधारणा है, हमारा दल कार्यकर्ताओं के बल पर आत्म निर्भर बने, यही संकल्प पार्टी ने लिया है।

सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य ने सहसवान नगर में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि राष्ट्रवाद के प्रबल समर्थक, सर्वे भवंतु सुखिनः, अंत्योदय पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति को लाभ, महान आर्थिक नीति के मूल में एकात्म मानववाद, पंडित जी एक सामाजिक और राजनीतिक विचारक थे, जो अपनी मातृभूमि से किसी भी चीज से अधिक प्यार करते थे, विचारों का समावेश समर्पण भाव से गरीब दलित, असहायों की सेवा एवं उत्थान की परिकल्पना ही पंडित जी का सपना रहा है।

दातागंज में वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. शैलेश पाठक ने कार्यकर्ताओं को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन के बारे में बताया और उनके सुझाये मार्ग पर चलने का आह्वान किया, इस दौरान निवर्तमान चेयरमैन आकाश वर्मा, सुरेश माथुर, ब्रजेश कश्यप, संतोष शर्मा, मुनीश गुप्ता, मनोज गुप्ता, सुनील मिश्र, राकेश वर्मा, गुड्डू यादव सहित तमाम लोग उपस्थित रहे। पूर्व विधायक धर्मेन्द्र शाक्य ने कादरचौक में, पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल ने उझानी में, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम यादव ने इस्लामनगर में, एमपी सिंह राजपूत ने सिविल लाइन में, अरुण प्रकाश ने सिविल लाइन में, पंडित शारदाकांत “सीकू भैया” ने अलापुर में, सोवरन सिंह राजपूत ने सालारपुर में, भगवान सिंह मौर्य ने हरदोई पटटी में, सुखदेव राठौर ने नगला शर्की में आयोजित किये गये कार्यक्रमों में भाग लिया, साथ ही वरिष्ठ नेता मनोज मसीह, अतेन्द्र विक्रम सिंह, प्रदीप चौधरी, अनुज माहेश्वरी, अनुराग दीक्षित, जितेंद्र साहू, शैलेन्द्र शर्मा, सुरजीव गुप्ता, रानी सिंह पुंढीर और अमिता उपाध्याय ने भी कार्यक्रमों में भाग लिया। जनपद के 2575 बूथों पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि समर्पण दिवस के रूप में भव्यता के साथ मनाई गई।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply