डीएम दिनेश कुमार सिंह के तबादले पर आम जनता में रोष

डीएम दिनेश कुमार सिंह के तबादले पर आम जनता में रोष

बदायूं के जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह का तबादला होने की अफवाह फैल गई, जिससे लोग सोशल साइट्स पर विरोध और दुःख व्यक्त करने लगे। अफवाह तेजी से फैली और जिले भर में फैल गई। दिनेश कुमार सिंह की कार्यप्रणाली से आम जनता बेहद खुश है, इसीलिए अफवाह पर तत्काल विरोध और दुःख व्यक्त किया जाने लगा।

जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह 20-20 के दौर में भी टेस्ट मैच की तरह बेहद गंभीर पारी खेल रहे हैं, वे सुस्त और भ्रष्ट तंत्र को आम जनता के योग्य बनाने में जुटे हैं। रात-दिन स्वयं जुटे रहते हैं और हर क्षेत्र में सीधी नजर रखते हैं। राशन व्यवस्था में उन्होंने सराहनीय कार्य किया है। रोड पर निकलते हैं तो, सिपाही की तरह डग्गामार वाहन पकड़ने में भी उन्हें संकोच नहीं होता। स्कूल देखने कभी भी पहुंच जाते हैं। कार्यालयों में अफसरों और कर्मचारियों की उपस्थिति तय की है, जिससे हालातों में परिवर्तन होता दिख रहा है, जिसका लाभ आम जनता को मिलना स्वभाविक ही है, इसीलिए आम जनता दिनेश कुमार सिंह की प्रशंसक है। जिले भर के लोग चाहते हैं कि दिनेश कुमार सिंह लंबे समय तक बदायूं के जिलाधिकारी रहें।

शासन ने उप-जिलाधिकारियों के बड़े स्तर पर तबादले किये हैं। दातागंज तहसील में तैनात दिनेश कुमार सिंह का भी तबादला हुआ है, उन्हें बलरामपुर भेजा गया है, साथ ही बलरामपुर से सतीश कुमार त्रिपाठी को बदायूं भेजा गया है, इस तबादला सूची को देख कर ही किसी ने जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह के तबादले की अफवाह फैला दी। कुछ ही देर में अफवाह जिले भर में फैल गई, जिससे लोग फेसबुक और वाट्सएप पर प्रतिक्रिया व्यक्त करने लगे और दुःख के साथ विरोध भी जताने लगे।

बता दें कि एम. देवराज का तबादला होने पर जिले भर में बड़ा आंदोलन हुआ था, गाँव-गाँव आक्रोश व्यक्त किया गया था, रोड जाम किये गये थे, उतना लोकप्रिय अफसर अभी तक नहीं आया। कई तो ऐसे आये, जिनके तबादले पर आम जनता ने हर्ष व्यक्त किया। निवर्तमान जिलाधिकारी अनीता श्रीवास्तव को लेकर भी लोग खुश हुए थे लेकिन, लंबे समय बाद दिनेश कुमार सिंह आम जनता का दिल जीतने में सफल हुए हैं। हाल-फिलहाल आम जनता के लिए खुश करने वाली खबर है कि उनका तबादला नहीं हुआ है।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply