डिप्टी सीएम ने आर्थिक सहायता दी, कार्यकर्ता की स्मृति में बनेगा द्वार

डिप्टी सीएम ने आर्थिक सहायता दी, कार्यकर्ता की स्मृति में बनेगा द्वार

बदायूं जिले के बिल्सी विधान सभा क्षेत्र में स्थित गाँव बैरमई बुजुर्ग निवासी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता नत्थू लाल शाक्य की कमल संदेश बाइक रैली के दौरान 17 नवंबर को सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। कार्यकर्ता की असमय मृत्यु पर भारतीय जनता पार्टी गमगीन है। उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पीड़ित के घर पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त करते हुए आर्थिक सहायता दी।

पढ़ें: मृतक कार्यकर्ता के पीड़ित परिवार को नहीं भूली भारतीय जनता पार्टी

गुरुवार को उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेन्द्र सिंह, दर्जा राज्यमंत्री वीएल वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य, सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, बिल्सी विधायक, शेखूपुर विधायक धर्मेन्द्र शाक्य, विधान सभा क्षेत्र प्रभारी राजीव कुमार गुप्ता, चेयरमैन अनुज कुमार वार्ष्णेय सहित पार्टी के तमाम पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ मृतक के घर पहुंचे। मृतक की पत्नी कल्पना को किसान दुर्घटना बीमा के अन्तर्गत पांच लाख एवं मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के अन्तर्गत पांच लाख रुपए सहित कुल दस लाख रुपए के चेक एवं 30 हजार रुपए की राष्ट्रीय परिवारिक एवं विधवा पेंशन के स्वीकृति पत्र आर्थिक सहायता के रूप में दिए, साथ ही उन्होंने अधिकारियों एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ दो मिनट का मौन भी रखा।

उप-मुख्यमंत्री ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मृतक नत्थू लाल शाक्य की पत्नी को शासन द्वारा चलाई जा रही अन्य योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा, साथ ही उनकी स्मृति में विधायक निधि से गाँव में द्वार भी बनवाया जायेगा। उन्होंने कहा कि नत्थू लाल शाक्य के परिवार की हर संभव मदद की जाएगी और कोई भी परेशानी नहीं होने दी जाएगी। मृतक नत्थू लाल शाक्य की पत्नी ने उप-मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है कि उसके पुत्रों मुनीश एवं अवनीश को सरकारी नौकरी दी जाए एवं बैंक का एक लाख पचास हजार रुपए का केसीसी माफ कराया जाए। यह भी बता दें कि कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य भी गाँव जाकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दे चुके हैं।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply