विधायक बब्बू भैया के प्रयासों से बना एक और पुल, जितिन प्रसाद ने किया उद्घाटन

विधायक बब्बू भैया के प्रयासों से बना एक और पुल, जितिन प्रसाद ने किया उद्घाटन

बदायूं जिले में विधायक राजीव कुमार सिंह “बब्बू भैया” ने विकास के नये रिकॉर्ड बना दिए हैं। बब्बू भैया के प्रस्ताव पर उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड द्वारा 4681.76 लाख रुपए की लागात से 697.93 मीटर लंबे रामगंगा नदी पर सेतु का निर्माण कर दिया है, जिसका बटन दबाकर, नारियल तोड़कर एवं फीता काट कर लोक निर्माण विभाग के कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद ने उद्घाटन किया, इस दौरान आंवला सांसद धर्मेन्द्र कश्यप, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, कटरा (शाहजहांपुर) विधायक वीर विक्रम सिंह, जिलाधिकारी दीपा रंजन, भाजपा जिला प्रभारी राकेश मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. शैलेश पाठक सहित तमाम नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, वहीं एमएलसी चुनाव के दौरान सपा छोड़ कर भाजपा में आये पूर्व विधायक सिनोद कुमार शाक्य “दीपू भैया” समारोह में दिखाई नहीं दिए।

मां सरस्तवी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ, जिसके बाद मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि उत्तर प्रदेश विकास के नए आयामों को छू रहा है, निरंतर विकास की राह पर चल रहा है, यही नए उत्तर प्रदेश की पहचान है। यह परिवर्तन ही तो है, जिसको हम सब महसूस कर रहे हैं। आप लोगों का आशीर्वाद ही है कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रदेश में दोबारा बनी है। यह सेतु दो जनपदों बदायूँ और शाहजहांपुर को जोड़ेगा। ऐतिहासिक विजय के साथ आपके विधायकों के कंधों पर आप सबके क्षेत्र का चहुंमुखी विकास कराने की ऐतिहासिक जिम्मेदारी भी है, जिसके लिए आप सभी ने इन पर अपना भरोसा जताया है। प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री के कार्यों से हम प्रेरणा लेते हैं। जिसका जो हक है, वह हमारी सरकार में उसको अवश्य मिलेगा।

आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने कहा कि दातागंज क्षेत्र की विकास से निरंतर तस्वीर बदलती जा रही है विभिन्न प्रकार के विकास कार्य इस क्षेत्र में कराए जा रहे हैं। यह भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। पुरानी व्यवस्थाओं को भी बदलने का काम किया जा रहा है। हमारी सरकार जाति व धर्म सरकार नहीं बल्कि, सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास पर आधारित कार्य करती है।

सदर विधायक महेश चंद गुप्ता ने कहा कि जो हम बोलते हैं, वह इस ब्रह्मांड में गूंजता है। आज भारत का डंका बज रहा है, हर एक देश भारत को सम्मान की नजर से देखता है, भारत की बात मानता है, इसके पीछे मोदी जी ने कड़ी मेहनत की है, इसी प्रकार से योगी जी भी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के साथ कार्य कर रहे हैं, इसी का लाभ हम सबको मिल रहा है।

दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह “बब्बू भैया” ने कहा कि बड़े ही सौभाग्य की बात है कि आज इस क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने का समय आ गया है। उन्होंने मंत्री जितिन प्रसाद से अनुरोध किया कि दातागंज से गढ़िया रंगीन सड़क जर्जर अवस्था में है, इसको सही करवा दें। इसके अलावा दूसरा अनुरोध है कि बदायूं दातागंज होते हुए पुवायां को स्टेट हाईवे घोषित करवा दिया लेकिन, दातागंज नगर पालिका की सड़क संकरी है या, तो इसका चौड़ीकरण करा दें या, फिर कोई एक बाईपास रास्ता निकाल दिया जाए।

बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि मोदी जी, योगी जी ने जो देश और प्रदेश में विकास कराने का संकल्प लिया था, आज हम सभी उसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं, आगे भी जो संकल्प लेंगे, उसे इसी प्रकार पूरा करेंगे। भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव गुप्ता ने कहा कि बहुत लंबे अर्से से इस पुल की मांग थी, मैं बस इतना ही कहना चाहूंगा कि योगी जी के नेतृत्व में प्रदेश में हमारी सरकार विभिन्न जन कल्याणकारी योजना संचालित कर रही है, जिसका लाभ प्रत्येक वर्ग के जरूरतमंद तक समय से पहुंच रहा है। भाजपा जिला प्रभारी राकेश मिश्रा ने कहा कि सेतु निर्माण होने से क्षेत्र के निवासियों की दिक्कत खत्म होने का दिन आ गया है, अब इस क्षेत्र में यातायात तो सुगम होगा ही साथ ही रोजगार भी मिलेगा।

सेतु के निर्माण से ग्राम नगरिया खंनू, रैपुरा भेड़ा, बिहारीपुर आजव, सुरन्दरपुर, कलाचन्द, दिपुनारी, आजमपुर, लालपुर खादर, कटभौरा, कुण्डरा, पट्टरी विजय, शेषपुर, भौजमपुर, रहपुरा, पृथ्वीपुर, खमरिया सहित 50-60 गाँव की 2.50 लाख आबादी को लाभ होगा। सेतु निर्माण से जनपद शाहजहाँपुर का सीधा सम्पर्क दातागंज होते हुये जनपद बदायूँ से हो जायेगा, जिससे लगभग 20-25 किमी की दूरी कम तय करनी पड़ेगी, जिससे समय एवं ईधन की बचत होगी और किसानों की आय में वृद्धि होगी एवं इस क्षेत्र का सर्वांगीण विकास होगा।

इससे पहले दातागंज की सीमा में प्रवेश करते समय भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं ब्राह्मण क्रांति मोर्चा के अध्यक्ष डॉ. शैलेश पाठक ने लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद का विशाल काफिले के साथ भव्य स्वागत किया, इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, विधायक राजीव कुमार सिंह “बब्बू भैया”, धीरज सक्सेना, राकेश वर्मा, मुन्ना सिंह, उपदेश शर्मा रबड़ी, अमन मयंकशर्मा, अशोक शर्मा उपस्थित रहे। अभूतपूर्व स्वागत से अभिभूत कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद ने सभी का आभार जताया।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply