गणतंत्र दिवस पर झूम उठे लोग, पुलिस चौकी में नहीं हुआ ध्वजारोहण

बदायूं जनपद में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास तथा धूमधाम से मनाया गया। पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। संविधान में उल्लखित संकल्पों की शपथ दिलाई। मुख्य अतिथि सिडको के अध्यक्ष एवं दर्जा राज्यमंत्री वीएल वर्मा ने पुलिस परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली, यहाँ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार ने संविधान में उल्लखित संकल्पों को दोहराया। भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व संपन्न समाजवादी पंथ निरपेक्ष लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने का संकल्प लिया। बदायूं क्लब में तथा अन्य स्थानों पर भी ध्वजारोहण किया गया लेकिन, आसफपुर स्थित पुलिस चौकी पर ध्वजारोहण नहीं किया गया।

शनिवार को डीएम ने 70वे गणतंत्र दिवस पर सर्वप्रथम कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण किया, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की धर्म पत्नी बुद्धो देवी और बरखा देवी को पुष्पमाला पहनाकर व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कलेक्ट्रेट के अच्छा कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुष्प माला पहनाकर, प्रशस्ति पत्र देकर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जो अधिकारी कर्मचारी जिस पद पर है, उसे ईमानदारी और निष्ठा पूर्वक समय से कार्य को पूर्ण करें।

तत्पश्चात पुलिस परेड ग्राउंड में वीएल वर्मा ने ध्वजारोहण किया और गुब्बारे उड़ाकर पुलिस परेड का शुभारंभ किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार के साथ पुलिस परेड का अवलोकन कर परेड की सलामी ली। उन्होंने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि देश की आजादी दिलाने में जो महान व्यक्ति फांसी पर चढ़ गए, उन्हें याद करना चाहिए। देश को आगे बढ़ाने में सभी लोगों को मिलकर कार्य करना होगा। सभी लोग संकल्प लेकर कार्य करें तो, सफलता अवश्य मिलेगी। देश से आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब भारतीय सेना दे रही है, उस पर देशवासियों को गर्व करना चाहिए।

उन्होंने कहा कर्तव्य पर ध्यान देकर अपनी-अपनी जिम्मेदारी सही ढंग से निर्वाह करके एक अच्छा जनपद बनाएं। उन्होंने कहा कि देश जब तक प्रगति नहीं करेगा जब तक, सब लोग मिलकर संविधान के बताए हुए मार्ग पर नहीं चलेंगे। देश के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि कानून का पालन करें तभी, देश में सुधार तथा प्रगति होगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुसार सबका साथ, सबका विकास, उसी आधार पर गरीबों का हक गरीबों को मिल रहा है। शासन की योजनाओं का पैसा बिना किसी बिचौलिए के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाते में भेजा जा रहा है। मुख्य अतिथि ने परेड कराने वाले कमांडर्स तथा अन्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए। जिलाधिकारी की धर्मपत्नी विजया सिंह ने विद्यालयों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों तथा उनके अध्यापकों को भी सम्मानित किया।

दातागंज में विधायक राजीव कुमार सिंह “बब्बू भैया” ने पालिकाध्यक्ष आकाश वर्मा के साथ ध्वजारोहण किया। आकाश वर्मा बच्चों के साथ तिरंगा लेकर घूमे, जिससे उन्होंने बचपन साकार कर लिया। ब्लूमिंगडेल स्कूल परिसर में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, इसके अतिरिक्त अनेक रंगा-रंग कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य एनसी पाठक ने बच्चों को सम्बोधित करते हुए गणतंत्र दिवस को मनाए जाने के कारणों से भी अवगत कराया एवं सदैव देश सेवा करने के लिए प्रेरित भी किया। समारोह में स्कूल निदेशक ज्योति मेंहदीरत्ता, अध्यक्षा पम्मी मेंहदीरत्ता, मैनेजिंग हेड ईशान मेंहदीरत्ता, श्वेता मेंहदीरत्ता, अनीता धमीजा एवं समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा।

इसके अलावा बिल्सी के बाबा इंटरनेशनल स्कूल, नगर पालिका प्रांगण में पालिकाध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय ने ध्वजारोहण किया। नगर पंचायत रुदायन में चेयरमैन अरविंद शर्मा, नगर पंचायत इस्लामनगर में चेयरमैन निशात मुशाहिद ने पति मुशाहिद अली और ईओ रजनी सिंह के साथ ध्वजारोहण किया। नगर पंचायत अलापुर में चेयरमैन नाज बी. और ईओ विनय शंकर अवस्थी ने झंडा फहराया। नगर पंचायत फैजगंज बेहटा में चेयरमैन इशरत खां ने ईओ त्रिवेंद्र कुमार के साथ ध्वजारोहण किया। कुंवरगाँव में लेखाधिकारी नितिन सक्सेना के साथ चेयरमैन शीतल गुप्ता ने झंडा फहराया। नगर पंचायत सैदपुर में आयशा बेगम ने झंडा फहरा कर शुभकामनायें दीं। नगर पंचायत उसावां में चेयरमैन धीरेन्द्र पाल गुप्ता “धीरू भैया” ने ध्वजारोहण किया। नगर पंचायत वजीरगंज में चेयरमैन शमा परवीन ने पति उमर कुरैशी और ईओ शिवलाल राम के साथ झंडा फहराया, इसके अलावा जिले भर में खुशी मनाई गई लेकिन, आसफपुर स्थित पुलिस चौकी पर झंडा नहीं फहराया गया।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply