भाजपा के प्रदर्शन में सुधार, बीएल वर्मा के सहयोग से नंबर- वन पर रहे हरीश शाक्य

भाजपा के प्रदर्शन में सुधार, बीएल वर्मा के सहयोग से नंबर- वन पर रहे हरीश शाक्य

बदायूं जिले में भारतीय जनता पार्टी ने नगर निकाय चुनाव में अपना प्रदर्शन सुधार लिया है। जिले में पहले 20 नगर निकाय थीं, जिनमें तीन स्थानों पर भाजपा का कब्जा था, इस बार 21 नगर निकायों में से भाजपा ने नौ स्थानों पर भगवा फहरा दिया है, जो जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता के लिये प्रसन्नता का विषय हो सकता है, वहीं केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा के सहयोग से विधायक हरीश शाक्य नंबर- वन पर हैं, उनके विधान सभा क्षेत्र बिल्सी में भाजपा ने सबका सूपड़ा साफ कर दिया है।

पिछले चुनाव में भाजपा के 20 निकायों में से सिर्फ तीन प्रत्याशी विजयी हुये थे, इस बार 21 निकायों में से 9 स्थानों पर भाजपा प्रत्याशी विजयी हुये हैं। हालांकि बदायूं नगर पालिका परिषद में निर्दलीय प्रत्याशी फात्मा रजा ने भाजपा की निवर्तमान चेयरमैन दीपमाला गोयल को 5497 मतों के अंतर से बुरी तरह रौंद दिया है। उझानी नगर पालिका परिषद में केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा रहते हैं, उनके निजी प्रयासों से भाजपा प्रत्याशी पूनम अग्रवाल ने सपा प्रत्याशी रजनीश गुप्ता को 5950 मतों के अंतर से हरा दिया है।

सहसवान नगर पालिका परिषद में एक बार फिर निर्दलीय प्रत्याशी मीर हामिद अली “बाबर मियां” ने भाजपा प्रत्याशी अनुज माहेश्वरी को 2758 मतों के अंतर से पछाड़ दिया है। बिल्सी नगर पालिका परिषद में भाजपा की ज्ञानवती सागर ने सपा विधायक आशुतोष मौर्य की पत्नी सुषमा मौर्य को 84 मतों के अंतर से हर दिया है। बिसौली नगर पालिका परिषद में निर्दलीय प्रत्याशी अबरार अहमद की शानदार छवि के सामने सभी प्रत्याशी बौने साबित हुये हैं। 1190 मतों के अंतर से अबरार अहमद चौथी बार भी जीतने में सफल रहे हैं। दातागंज नगर पालिका परिषद में भाजपा प्रत्याशी नैना गुप्ता ने सपा के मुकेश शर्मा को 1612 मतों से पछाड़ दिया। हालाँकि यहाँ जीत का श्रेय विधायक राजीव कुमार सिंह “बब्बू भैया” एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. शैलेश पाठक को जाता है, क्योंकि यहाँ भाजपा प्रत्याशी को निजी तौर पर बड़ा विरोध का सामना करना पड़ रहा था। ककराला नगर पालिका परिषद में निर्दलीय इंतखाफ सकलैनी ने बाजी मारी है।

उसहैत नगर पंचायत में निर्दलीय नवाब हसन ने भाजपा प्रत्याशी गौरव कुमार “गोल्डी” को 1537 मतों के अंतर से पछाड़ा है। उसावां नगर पंचायत में निर्दलीय प्रिंयका चौहान 859 मतों से विजयी हुई हैं। अलापुर नगर पंचायत में हुमा बी. ने भाजपा प्रत्याशी रेखा गुप्ता को 1538 मतों के अंतर से हराया है। गुलड़िया में भाजपा प्रत्याशी तारा देवी ने निर्दलीय प्रत्याशी को 444 मतों से हराया है। सखानूं नगर पंचायत में निर्दलीय फैसल ने भाजपा प्रत्याशी को 441 मतों के अंतर से हराया है। कछला में भाजपा प्रत्याशी जगदीश लोनिया ने 673 मतों के अंतर से जीत दर्ज की है।

कुंवरगांव नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी ज्योति रावत ने 1051 मतों के अंतर से विजय प्राप्त की है। वजीरगंज नगर पंचायत में बसपा प्रत्याशी नूरसबा बेगम विजयी हुई हैं। सैदपुर में निर्दलीय इशरत अली ने भाजपा प्रत्याशी को 710 मतों के अंतर से पछाड़ दिया। मुड़िया में भाजपा प्रत्याशी अनुपम पाठक 10 मतों के अंतर से पुनः मतगणना होने के बाद जीत पाईं। फैजगंज में इसरार खां ने भाजपा प्रत्याशी को 1009 मतों के अंतर से रौंदा है। रुदायन में भाजपा प्रत्याशी सीमा चौधरी ने 752 मतों के अंतर से विजय प्राप्त की है, यहाँ ठा. अनूप सिंह की रणनीति के सामने सभी चाणक्य धराशाई हो गये। इस्लामनगर नगर पंचायत में बसपा प्रत्याशी निशांत नाजिम ने भाजपा प्रत्याशी को 455 मतों के अंतर से पछाड़ा है, वहीं नव-सृजित दहगवां नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी पार्वती ने 532 मतों के अंतर से भगवा फहराया है। पूर्व राज्यमंत्री एवं सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता दहगवां के ही मूल निवासी हैं।

यहाँ यह भी स्पष्ट कर दें कि टिकट वितरण से लेकर चुनाव लड़ाने तक भाजपा के पदाधिकारियों और विधायकों के बीच सामंजस्य नहीं बैठ पाया। संगठन और विधायक मिल चुनाव लड़ाते तो, भाजपा प्रत्याशी और भी कई स्थानों पर जीत सकते थे।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply