महानवमी पर ब्रह्म मुहूर्त से ही मंदिरों में लग गई श्रद्धालुओं की भीड़, जगह-जगह हुए भंडारे

महानवमी पर ब्रह्म मुहूर्त से ही मंदिरों में लग गई श्रद्धालुओं की भीड़, जगह-जगह हुए भंडारे

बदायूं में महानवमी पर मां दुर्गा के सिद्धदात्री स्वरुप को आस्था-श्रद्धा के साथ विधि-विधान पूर्वक पूजा गया। भक्तों ने कन्या भोज करा पुण्य लाभ अर्जित किया और आशीर्वाद लिया। शहर के मंदिर माता के जयकारों से गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने व्रत रख कर घर पर हवन-पूजन किया गया। मंदिरों में सुबह 4.30 बजे से देर रात तक श्रद्धालु मां के दर्शनों के लिए आते रहे। पूजा कर मंगल कामना की। कीर्तन के साथ जगह-जगह भंडारे हुए। मंदिरों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रहे।

नवरात्र के अंतिम दिन शहर के सभी मंदिरों में माता के पूजन के लिए बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। सुबह से सभी दिशाओं से घंटे और घड़ियाल के बजने की आवाज से वातावरण भक्तिमय हो गया। जिले के प्राचीन नगला शक्तिपीठ पर नवरात्र का विशेष महत्व है, इसको लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई देता है। गुरुवार को सुबह से ही भक्त शक्तिपीठ पहुंच गये और माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर में भक्तों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे।

पूरे जिले में महानवमी की धूम रही। शहर समेत देहात के सभी मंदिरों में माता की पूजा करने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। वजीरगंज के प्राचीन दुर्गा देवी मंदिर पर भी भक्तों की खासा भीड़ दिखाई दी, वहीं कादरचौक के ककोड़ा स्थित मंदिर पर भी बड़ी संख्या में भक्तों का सैलाब उमड़ा। मंदिरों में पूजा अर्चना करने के साथ भक्त मनोकामना करते दिखाई दिए।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply