युवाओं के हाथों में पहले तमंचा होता था, अब युवाओं के हाथों में टेबलेट है: मुख्यमंत्री

युवाओं के हाथों में पहले तमंचा होता था, अब युवाओं के हाथों में टेबलेट है: मुख्यमंत्री

बदायूं में जनसभा को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने कहा कि बदायूं महर्षि कश्यप और भागीरथ की धरती रही है। अब यह नये भारत का नया उत्तर प्रदेश है। अब उत्तर प्रदेश की पहचान दीपोत्सव व रंगोत्सव से होती है। प्रदेश 6 वर्षों में दंगामुक्त हुआ है। अब उत्तर प्रदेश में तरक्की, खुशहाली, संपन्नता और विकास की बात होती है। उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बदायूं विकास का हिस्सा बनकर आगे बढ़ रहा है। वर्ष- 2017 से पूर्व बेटियां डर से स्कूल नहीं जाती थीं, अब निडर होकर विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। पहले गौकशी होती थी, अब गौशालाओं में गौवंशों की सेवा की जाती है। सभी त्योहारों को शांति पूर्वक भाईचारे के साथ मनाना उत्तर प्रदेश की पहचान है। उन्होंने कहा कि भारत ने विकास की रफ्तार पकड़ ली है। देश आजादी का 75वां अमृत महोत्सव मना रहा है। भारत पर 200 साल राज करने वाले ब्रिटेन को विकास में भारत ने पीछे छोड़ दिया है। भारत जी- 20 देशों के समूह की अध्यता कर रहा है। दुनिया में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है। विकास के क्षेत्र में हाई- वे, रेलवे, मेडिकल कॉलेज आदि भारत की पहचान बने हैं।

मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने कहा कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लाभार्थियों को बिना पक्षपात, निष्पक्षता व पारदर्शिता के साथ मिल रहा है। योजनाओं का लाभ अब जाति, धर्म, वर्ग व वर्ण देखकर नहीं दिया जाता है। उन्होंने कहा कि युवाओं के हाथों में पहले तमंचा होता था, अब युवाओं के हाथों में टेबलेट है। अब उनको टेक्नोलॉजी से जोड़ा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्वेस्टर समिट से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ गए हैं। 2017 से पहले कानून व्यवस्था बहुत ही लचर थी, प्रदेश में दंगा होता था और कर्फ्यू लगता था, अब उत्तर प्रदेश में सब चंगा है। 6 वर्ष पहले व्यापारियों को अपना व्यापार चलाने के लिए गुण्डा टैक्स देना पड़ता था, वह उद्यम लगाने के से डरते थे, मजबूरन प्रदेश से पलायन करते थे। अब व्यापार की बहार आ गई है। अब व्यापारी सहजता, सरलता व निर्भीक होकर अपना उद्यम व व्यापार कर रहे हैं।

आदित्यनाथ योगी ने कहा कि अब गुण्डे तख्ती लगाकर दया की भीख मांग रहे हैं। अब उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार जनता की सेवा करने के लिए सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि 2 करोड़ युवाओं को टेबलेट देने पर कार्य किया जा रहा है और दीपावली व होली के समय निःशुल्क रसोई गैस वितरण करने पर भी कार्य चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार के गत 9 वर्ष व प्रदेश सरकार के गत 6 वर्षों में लाखों लोगों को प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना, मुख्यमंत्री आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं से लाभांवित किया गया है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन का वितरण किया गया है, जो जनसेवा के साथ-साथ एक उपलब्धि भी है।

मुख्यमंत्री ने बदायूं आगमन पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जब यहां के जनप्रतिनिधि लखनऊ आकर उनसे अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यां, हर घर नल योजना व अन्य विकासपरक बातें करते हैं तो, उन्हें प्रसन्नता होती है। उन्होंने कहा कि अन्तर्राष्ट्रीय पर भारत की ख्याति बड़ी है। आज भारत पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा एक्सप्रेस- वे बदायूं से गुजरेगा, जो मेरठ से प्रारंभ होकर बदायूं होते हुये प्रयागराज तक जायेगा। इसके बन जाने से आमजन को सुविधा होगी व बदायूं का विकास होगा। 3 से 4 घंटे में बदायूं से प्रयागराज पहुंचा जा सकेगा और दिल्ली की दूरी भी कम समय में तय की जा सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इंवेस्टर समिट आयोजित किया गया, जिससे उद्यमियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ, वह उत्तर प्रदेश में अपने उद्यम लगाने के लिए आगे आये और एमओयू (मैमोरेण्डम ऑफ अण्डरस्टेंडिंग) पर हस्ताक्षर किये। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में रुपए 35 लाख करोड़ का निवेश किया जायेगा, जिससे करोड़ों लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से रेहड़ी, पटरी वालों के लिए भी आज रोजगार के अवसर बढ़ गए हैं। आदित्यनाथ योगी ने कहा कि 2017 के बाद व्यापारी, बहन-बेटियां सर उठाकर चल रही हैं, यही यूपी की पहचान है। उन्होंने कहा कि आय, जाति, जन्म, निवास व मृत्यु प्रमाण पत्र भी नगर निकाय के माध्यम से जारी हो, इसके लिए डबल इंजन की सरकार को मजबूती प्रदान करते हुये भारी मतों से प्रत्याशियों को विजयी बनायें। मुख्यमंत्री को भाजपाइयों द्वारा राम दरबार भेंट किया गया, इससे पहले जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता के साथ वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. शैलेश पाठक एवं अन्य तमाम नेताओं ने मुख्यमंत्री का हेलीपैड पर स्वागत किया।

इससे पहले केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, आंवला सांसद धर्मेन्द्र कश्यप, बदायूं सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य, विधायक महेश चंद्र गुप्ता, विधायक राजीव कुमार सिंह “बब्बू भैया”, विधायक हरीश शाक्य ने भी अपने विचार व्यक्त किये। भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने अतिथियों, कार्यकर्ताओं और जनता का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रभारी राकेश मिश्रा ने किया।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply