उत्पीड़न के चलते पार्टी और पद से त्याग पत्र देंगे भाजपा के पालिकाध्यक्ष

उत्पीड़न के चलते पार्टी और पद से त्याग पत्र देंगे भाजपा के पालिकाध्यक्ष

बदायूं जिले की भारतीय जनता पार्टी में हालात अच्छे नहीं लग रहे हैं। मनमानी और उत्पीड़न से तंग आकर भारतीय जनता पार्टी के एक पालिकाध्यक्ष ने पद और पार्टी से त्याग पत्र देने का मन बना लिया है। आहत पालिकाध्यक्ष जिलाधिकारी और भाजपा जिलाध्यक्ष को अपना त्याग पत्र सौपेंगे।

जी हाँ, खबर चौंकाने वाली है पर, है अक्षरशः सत्य। बिल्सी नगर पालिका परिषद के पालिकाध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय भारतीय जनता पार्टी के ही हैं और उनका उत्पीड़न भारतीय जनता पार्टी के विधायक के प्रतिनिधि द्वारा ही किया जा रहा है। आरोप है कि विधायक प्रतिनिधि दबंगई दिखाते हैं और पालिका में मनमानी करना चाहते हैं। विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। अनुज वार्ष्णेय ने आरोप लगाया कि सजायाफ्ता प्रतिनिधि की मनमानी के संबंध में वे पार्टी में संबंधित नेताओं को अवगत करा चुके हैं पर, मनमानी निरंतर जारी है।

विधायक प्रतिनिधि की दबंगई नहीं रुक रही और न ही पार्टी में उनकी बात सुनी जा रही है, जिससे आहत होकर अनुज वार्ष्णेय पालिकाध्यक्ष पद से और भारतीय जनता पार्टी से त्याग पत्र देने का मन बना चुके हैं। उन्होंने बताया कि रविवार शाम को वे जिलाधिकारी और भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य को अपना त्याग पत्र सौंप देंगे, साथ ही प्रांतीय और राष्ट्रीय अध्यक्ष से भी मिलेंगे और उन्हें भी मनमानी एवं उत्पीड़न की जानकारी देंगे।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply