बाहरी प्रत्याशी के कारण मायूस है बिल्सी क्षेत्र की जनता, धर्मेन्द्र यादव के आने से बच गई लाज

बाहरी प्रत्याशी के कारण मायूस है बिल्सी क्षेत्र की जनता, धर्मेन्द्र यादव के आने से बच गई लाज

बदायूं जिले के बिल्सी विधान सभा क्षेत्र में कछला-बिसौली बाईपास मार्ग पर स्थित एक फॉर्म हाउस पर महानदल और समाजवादी पार्टी के तत्वावधान में चौधरी चरण सिंह जयंती पर आयोजित हुए किसान सम्मेलन में धर्मेन्द्र यादव ने भारतीय जनता पार्टी की सरकारों की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा के सहयोगी ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स के अधिकारी भी पूरी तरह से कूद चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के लोग कितने भी छापेमारी करा लें लेकिन, प्रदेश में चल रही सपा मुखिया अखिलेश यादव की आंधी को रोक नहीं पायेंगे। सपा प्रदेश में अपनी पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है।

धर्मेन्द्र यादव ने सपा एवं महानदल के संयुक्त प्रत्याशी चंद्रप्रकाश मौर्य के समर्थन में किसान सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है तब से किसानों की आय दोगुना तो नहीं हुई है, उसकी आय को आधा करने का काम भाजपा सरकार ने जरूर कर दिया है। देश को मंहगाई की आग में झोंक कर भाजपा ने किसानों को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। 2017 के चुनाव के दौरान भाजपाईयों ने किसान को गन्ने के भुगतान एक सप्ताह के अंदर करने की बात कही थी लेकिन, गन्ने के किसान का समय पर भुगतान नहीं करा पा रहे हैं।

उन्होंने कहा प्रदेश में पहले महिलाओं को पांच सौ रुपए पेंशन मिलती थी। जैसे ही प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तो, इस पेंशन योजना को बंद कर दिया गया। उन्होंने महिलाओं को भरोसा दिलाते हुए कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनी तो, डेढ़ हजार रुपए पेंशन देने का काम किया जाएगा। भाजपा गरीबों को मार्च तक राशन फ्री देने की बात कर रही है। यदि प्रदेश में सपा की सरकार बनी तो, पूरे दस साल तक लोगों को फ्री राशन देने का काम सपा मुखिया करेगें। उन्होंने कहा कि इस बार जिले की जनता सभी छः सीटों पर सपा और उसके सहयोगी प्रत्याशियों को विधायक बनाने का काम करेगी।

इससे पहले बिलारी के विधायक फईम इरफान, महानदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य, प्रत्याशी चंद्रप्रकाश मौर्य, जिलाध्यक्ष प्रेमपाल सिंह यादल, पूर्व विधायक आशीष यादव, सर्वेश यादव और रईस अहमद ने भी जनता को संबोधित किया। इस मौके पर संजीव मौर्य, प्रदीप कुमार गुप्ता, रंजीत वार्ष्णेय, सोबरन सिंह, इकरार अहमद, सरताज हुसैन, राम मोहन सिंह और देवेंद्र सिंह मौजूद रहे।

यह भी बता दें कि बिल्सी विधान सभा क्षेत्र में बाहरी प्रत्याशियों का जमकर विरोध किया जा रहा है। पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल भी क्षेत्र में बिल्कुल रूचि लेते दिखाई नहीं दे रहे हैं, जिससे उनके समर्थक भी मायूस हैं लेकिन, धर्मेन्द्र यादव के आने से आज लाज बच गई, उन्हें सुनने के लिए सम्मानजनक संख्या में लोग पहुंच गये।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply