“कांग्रेस मुक्त भारत” की दिशा में बहुत आगे बढ़ चुके हैं: नरेंद्र मोदी

“कांग्रेस मुक्त भारत” की दिशा में बहुत आगे बढ़ चुके हैं: नरेंद्र मोदी

बदायूं में भारतीय जनता पार्टी द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं, वॉलिंटियर्स, समर्थकों, शुभचिंतकों एवं समाज के सभी वर्गों के साथ संवाद किया। नरेंद्र मोदी के महासंवाद के लिए 25 स्थानों पर एलईडी स्क्रीन लगाई गई थीं।

बदायूं नगर का कार्यक्रम भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर संपन्न हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता 10 परिवारों के साथ उनके सुख-दुःख में शामिल होते हुए उनको सरकारी योजनाओं से जोड़ते हुए केंद्र व राज्य की सरकार से अधिक से अधिक लाभ दिलाएं और सभी कार्यकर्ता यह संकल्प लें कि उनके बूथ पर सबसे ज्यादा नमो ऐप डाउनलोड हो जाए। प्रत्येक कार्यकर्ता रोजाना नमो एप को समय निकाल कर देखें और उसमें अपने सकारात्मक सुझाव शेयर करें। कार्यकर्ताओं के यही सुझाव लोकसभा चुनाव का जन-संकल्प पत्र बनेंगे।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता आज देश में जो दृश्य देख रहे हैं, वह केवल मजबूत सरकार की वजह से है। आप सभी कार्यकर्ताओं ने 2014 के लोकसभा चुनाव में मजबूत सरकार बनाई थी, उसी का परिदृश्य आज देश और दुनिया को दिखाई दे रहा है, 2014 से 2019 तक की यात्रा बुनियादी जरूरतों को हर घर तक पहुंचाने का समय था, जबकि 2019 से 2024 तक का सफर देश को तेज उन्नति के साथ उड़ान भरने का अवसर होगा।

नरेंद्र मोदी ने कहा कि 2019 से 2024 की यात्रा विश्व की टॉप- 5 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने का अवसर है। 2019 से 2024 की यात्रा जन-आकांक्षाओं की पूर्ति का काल होगा। 2014 से 2019 की यात्रा निराशा से आशा, आकांक्षा से आवश्यकता, संकल्प से सिद्धि की ओर रही है। 2014 से पहले देश में एक ऐसी सरकार थी, जो भ्रष्टाचार में डूबी हुई थी, उसने देश को बहुत पीछे ले जाने का काम किया था। 2014 से पहले देश जिन आवश्यकताओं की जरूरत महसूस कर रहा था, हमने सवा सौ करोड़ देशवासियों की मदद से उन आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी, पूरी मेहनत की है, जिसका दृश्य आज आप सभी के सामने है।

उन्होंने कहा कि आज जब देश के सकारात्मक जन-आकांक्षाओं को देखता हूँ तो, हमारा काम करने का उत्साह और अधिक बढ़ जाता है, इसलिए मैं कह रहा हूं कि 2014 का लोकसभा चुनाव देश की आवश्यकताओं को जनमत करने के लिए था और 2019 का लोकसभा चुनाव भारत एवं भारत के जन-जन की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए जनमत होने वाला है। बीते 5 वर्षों में देश में किस तरह तेजी से बदलाव आया है, वह हम सभी के सामने है। आज हर भारतीय बदलाव महसूस कर रहा है, जब इन 5 वर्षों में केंद्र की सरकार ने कितना परिवर्तन किया है तो, सोचिए आगे के 5 वर्षों में जब हमें देश की सेवा करने का मौका मिलेगा तो, कितना परिवर्तन आएगा और मुझे विश्वास है देश के सवा सौ करोड़ भारतवासी हमें यह सेवा करने का अवसर देने वाले हैं। हम सभी को इस मजबूत इमारत को और अधिक मजबूत करने का काम करना है, यह सब तभी संभव होगा जब, आप सबका साथ, सबका विकास के आधार पर जो विकास हुआ है, उसकी चर्चा-परिचर्चा जन-जन तक पहुंचा दें।

उन्होंने कहा कि आज देश में कांग्रेस ने अपने अस्तित्व को बचाने के लिए छोटे-छोटे दलों को मिलाकर महागठबंधन बनाने का रास्ता बनाया है, यह मिलावट कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए नहीं है, यह पूरी कोशिश सिर्फ कांग्रेस को जीवित रखने के लिए की जा रही है लेकिन, हमने संकल्प के साथ देश से कांग्रेस मुक्त भारत देखने का जो सपना देखा था, उसकी दिशा में हम बहुत आगे बढ़े हैं।

नरेंद्र मोदी ने कविता के माध्यम से कहा कि …

बरसों से था घना अंधेरा, अब जाकर भोर दिखी है।

उन्नति की हवा चली है, उम्मीदों की धूप खिली है।

देश चल पड़ा है प्रगति पथ पर, बस यूं ही चलते रहना है।

बहुत कुछ मजबूत किया है, बहुत कुछ मजबूत करना है।

गली-गली में पक्की सड़कें, गांव गांव में बिजली है।

घर घर में है गैस का चूल्हा, और युवा अपने जोश में है।

देश ने करवट बदली है, यह तो बस अंगड़ाई है।

आगे और चढ़ाई है।

प्रगति का दौर है, ना रुकना है, ना थकना है।

अभी हुई है साफ-सफाई, अभी तो और गति बढ़ाना है।

बहुत कुछ मजबूत किया है, बहुत कुछ मजबूत करना है।

अभी यह गांठ बांध लें, बड़ी मुश्किल से घूमा है प्रगति का पहिया।

प्रगति के इस पहियों को रुकने नहीं देंगे।

बहुत कुछ मजबूत किया है, बहुत कुछ मजबूत करना है।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष व दर्जा राज्यमंत्री वीएल वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य, सुधीर श्रीवास्तव, अंकित शाक्य, धीरज सक्सेना, मुनीश अग्रवाल, आशीष शाक्य, मनोज गुप्ता, कृष्णवीर सिंह, अमित सिंह, सीमा राठौर, मोनिका गंगवार, अशोक गुप्ता, श्याम अरोरा, कर्तव्य वैश्य, राजपाल सिंह, सागर गुप्ता, यस मसीह, जितेंद्र साहू और गुलशन प्रताप सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply