गृह जनपद में जन विश्वास यात्रा का भव्य स्वागत होने पर भाव-विभोर हो गये बीएल वर्मा

गृह जनपद में जन विश्वास यात्रा का भव्य स्वागत होने पर भाव-विभोर हो गये बीएल वर्मा

बदायूं जिला केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा का गृह जनपद है, उन्हीं के नेतृत्व में कासगंज दिशा से माँ भागीरथी को पार कर भारतीय जनता पार्टी की जन विश्वास यात्रा जनपद में पहुंची तो, उत्साह देख कर बीएल वर्मा भाव-विभोर हो गये। उन्होंने जनपदवासियों का हृदय से आभार जताया, साथ ही आम जनता की भागीदारी और उत्साह देकर सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य भी गदगद दिखाई दीं। उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य यात्रा में शामिल होने के लिए कछला स्थित राधेलाल इंटर कॉलेज के मैदान में हेलीकॉप्टर से पहुंचे, उनका भी भव्य स्वागत किया गया।

केशव प्रसाद मौर्य ने सिरासौल में आम जनता को संबोधित करते हुए कहा सपा, बसपा, कांग्रेस ने प्रदेश में जातिवाद फैलाया है, जबकि भाजपा सरकारों ने सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास के अपने नारे के साथ काम किया है। भाजपा सरकार में सर्व समाज का विकास देखकर विपक्ष बौखलाया हुआ है। इस बार 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा 350 से अधिक सीटें जीतकर फिर से प्रचंड बहुमत से सरकार बनायेगी, इसके साथ ही सपा, बसपा व कांग्रेस सहित अन्य दलों की प्रदेश से पूरी तरह विदाई होगी। उन्होंने कहा 100 प्रतिशत वोट में 60 प्रतिशत हमारा है, बाकी का 40 प्रतिशत में बंटवारा है और इस बंटवारे में भी हमारा है। भाजपा सरकारों ने सु-शासन दिया है, जबकि पूर्व की सरकारों ने जनता को गुंडागर्दी, भय और भ्रष्टाचार का माहौल दिया था।

इसके साथ ही जनसभा में उन्होंने सपा, बसपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। सपा सरकार के कार्यकाल में पुलिस भी अपराधियों से डरती थी और शाम के पांच बजते ही चौकियों पर ताले लग जाते थे। बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं थीं। डर के मारे लोग प्रदेश से पलायन कर रहे थे। प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद अपराधियों का खात्मा हुआ है। जनता अब खुद को सुरक्षित महसूस कर रही है। पूर्व की सरकारों में कुछ जिलों में विकास होता था लेकिन, हमारी सरकार में बिना किसी भेदभाव के प्रदेश के सभी 75 जिलों में विकास कार्य किए जा रहे हैं। पूरे प्रदेश में सड़कों को दुरुस्त कराया गया और हाईवे का जाल बिछा है। भाजपा 2022 का विधानसभा चुनाव विकास और सु-शासन के बल पर लड़ कर प्रचंड जीत हासिल करेगी। जनता भी विकास और सु-शासन देख रही है, वो फिर से प्रदेश में योगी की सरकार बनायेगी।

केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने कहा विपक्ष के पास तो कोई मुद्दा ही नहीं है। सपा, बसपा, कांग्रेस को जनता नकार चुकी है। इन सबको आराम चाहिए और भाजपा को काम चाहिए। जनसभा में उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर जमकर निधाना साधा। उन्होंने केंद्र की मोदी और सूबे की योगी सरकार की उपलब्धियां बताईं। केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा ने कहा हमारा लक्ष्य विकास है। हम विकास के मुद्दे की बात करते हैं। विकास और सु-शासन हमारी सरकार का संकल्प है। योगी सरकार ने सभी 75 जिलों में विकास किया है। विकास के मुद़्दे पर चुनाव लड़ा जायेगा। विपक्षी दल एकजुट होकर 2014, 17 और 2019 के चुनाव हार चुके हैं। अब 2022 में भी जनता उन्हें नकार देगी।

सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य ने कहा कोरोना काल में नागरिकों को बचाने का काम किया गया, इसके साथ ही 122 करोड़ लोगों को वैक्सीन लगाई गई। संकट की इस घड़ी में नागरिकों को नि:शुल्क राशन दिया गया, यह केवल भाजपा सरकार में ही संभव है। सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकारों के कार्यकाल में सेना ने पाकिस्तान और चीन को भी मुंहतोड़ जवाब दिया है। भाजपा सरकारें न्यायालय के फैसले का सम्मान करते हुए अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर बनवा रही है। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा हो या फिर प्रयागराज का कुंभ मेला, सभी को भव्य रूप से संपन्न कराया गया है।

जनसभा को राज्यमंत्री महेश चन्द्र गुप्ता, क्षेत्रीय अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय अध्यक्ष पिछड़ा मोर्चा हरीश शाक्य ने भी संबोधित किया। क्षेत्रीय महामंत्री जिला प्रभारी राकेश मिश्रा, एमएलसी मानवेन्द्र प्रताप सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष श्योराज सिंह, प्रदेश प्रवक्ता आलोक अवस्थी, विधायक धर्मेन्द्र शाक्य, महामंत्री पंडित शारदाकांत “सीकू भैया”, नवल तिवारी, महामंत्री सुधीर श्रीवास्तव, युवा नेता विश्वजीत गुप्ता, मीडिया प्रभारी आशीष शाक्य, क्षेत्रीय मंत्री भाजयुमो अंकित मौर्य, केशव चौहान, धीरज सक्सेना, शिशुपाल शाक्य, वीरेन्द्र राजपूत, उदयवीर दिवाकर, नेकपाल कश्यप, दीपक गुप्ता, धीरज सिंह, सीमा राठौर, रजनी मिश्रा, ज्ञानेंद्र चौहान, अनुज माहेश्वरी और पालिकाध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय सहित तमाम नेता उपस्थित रहे। देर रात शहर में पहुंचने पर राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता के नेतृत्व में यात्रा का भव्य स्वागत किया। पूरा क्षेत्र विवाहोत्सव की तरह सजाया गया है, जिसे लोग देख कर हर्ष व्यक्त करते दिखाई दे रहे हैं।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply