भाजपा में ध्रुव तारे की तरह फिर चमकने लगे स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता

भाजपा में ध्रुव तारे की तरह फिर चमकने लगे स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता

बदायूं जिले में भारतीय जनता पार्टी की राजनीति का नब्बे के दशक में केंद्र रहे स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता भारतीय जनता पार्टी में एक बार फिर ध्रुव तारे की तरह चमकने लगे हैं, उन्हें प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय ने राजनैतिक प्रतिपुष्टि एवं प्रतिक्रिया विभाग का प्रांतीय सह-संयोजक मनोनीत किया है।

बदायूं जिले की राजनीति में नब्बे के दशक में स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता की तूती बोलती थी, उनके मुंह से निकले शब्दों पर जिले से लेकर लखनऊ तक अक्षरशः पालन होता था। संगठन और पुलिस-प्रशासन में उसी की धमक रह पाती थी, जिसे स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता का समर्थन मिल जाता था, वे भाजयुमो के जिलाध्यक्ष, भाजपा के महामंत्री और ब्रज क्षेत्र में विधि प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रहे लेकिन, इससे बड़ी बात यह है कि जिले भर में उनकी मजबूत पकड़ थी। गाँव-गाँव में फैले कार्यकर्ताओं से वे व्यक्तिगत रूप से जुड़े थे, जिससे उन्हें हर कोई विशेष सम्मान देता था।

भाजपा के बुरे दिन शुरू हुए, प्रदेश से लेकर जिलों में भाजपा कई-कई गुटों में बंट गई, जनाधार विहीन लोगों के हाथों में संगठन पहुंच गया तो, ऐसे लोगों ने स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता जैसे मजबूत लोगों से किनारा कर लिया, साथ ही चापलूसों की बड़ी फौज बनती चली गई, जिससे भाजपा गर्त में जाती रही। रसातल में जा चुकी भाजपा को देख कर उन लोगों को बड़ा दुःख होता था, जिन्होंने रात-दिन कड़ी मेहनत कर सींचा था, ऐसे लोग स्वतः सामने आने लगे तो, भाजपा पुनः आसानी से प्रचंड बहुमत हासिल कर गई।

अब संगठन हीरों को निरंतर अहमियत दे रहा है। एक-एक हीरे को निकाल कर अहम दायित्व दिया जा रहा है। स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता को  प्रदेश अध्यक्ष महेंद्रनाथ पांडेय ने राजनैतिक प्रतिपुष्टि एवं प्रतिक्रिया विभाग का प्रांतीय सह-संयोजक मनोनीत किया है, यह विभाग भाजपा और विरोधी दलों के संबंध में निरंतर अध्ययन कर हाईकमान को रिपोर्ट देगा।

स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता के मनोनयन पर जिलाध्यक्ष हरीश शाक्य, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, दातागंज क्षेत्र के विधायक राजीव कुमार सिंह “बब्बू भैया”, शेखूपुर क्षेत्र के विधायक धर्मेन्द्र शाक्य सहित जिले भर के कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त किया है। यह भी बता दें कि स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता वरिष्ठ अधिवक्ता हैं, साथ ही अति के स्वाभिमानी होने के कारण वे नब्बे के दशक में भाजपा के साथ जिला बार में भी शक्ति और चर्चाओं का केंद्र रहे हैं।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply