1 लाख 60 हजार नये कार्यकर्ता बना कर राजीव कुमार गुप्ता ने सिद्ध की नेतृत्व क्षमता

1 लाख 60 हजार नये कार्यकर्ता बना कर राजीव कुमार गुप्ता ने सिद्ध की नेतृत्व क्षमता

बदायूं में भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय पर पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पार्टी के कार्यक्रमों को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत पांच प्रकार के संपर्क अभियान चलायेगी, जो 10 जनवरी से शुरू होंगे और चुनाव तक निरंतर चलते रहेंगे। उन्होंने बताया कि लाभार्थी संपर्क अभियान के अंतर्गत कार्यकर्ता घर-घर जाकर लाभार्थियों से संपर्क करेंगे और लाभार्थियों के कुमकुम का तिलक लगायेंगे एवं पार्टी का हैंडबिल भी सौपेंगे, साथ ही लाभार्थी के घर पर ”पूरी हुई हर आस, घर-घर हुआ विकास” का स्टीकर लगायेंगे।

उन्होंने कहा कि महिला संपर्क अभियान में महिला कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर महिलाओं से संपर्क करेंगी एवं गांव में महिला कार्यकर्ता एकत्रित होकर महिला संगीत का सामूहिक कार्यक्रम करेंगी, साथ ही भाजपा सरकार द्वारा महिलाओं के सम्मान एवं आत्म निर्भर बनाने हेतु किये गए कार्यों की चर्चा करेंगी। अनुसूचित समाज संपर्क अभियान के अंतर्गत अनुसूचित मोर्चा के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर और टोली बनाकर समाज के लोगों से संपर्क करेंगे और विपक्ष के दुष्प्रचार से सावधान रहने, भाजपा का समर्थन करने का आग्रह करेंगे।

उन्होंने बताया कि ओबीसी समाज संपर्क अभियान में पिछड़ा मोर्चा के कार्यकर्ता टोली बनाकर गांव में घर-घर जाकर समाज के लोगों से सम्पर्क करेंगे एवं भाजपा सरकार द्वारा पिछड़े वर्ग के उत्थान हेतु किये गए कार्यों की चर्चा करेंगे। प्रबुद्ध समाज संपर्क एवं संवाद अभियान के अंतर्गत पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं द्वारा समाज में रहने वाले प्रबुद्ध लोगों से संपर्क कर आने वाले चुनावों में उनका समर्थन मांगेंगे। राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि 14 जनवरी को मकर संक्रांति के अवसर पर जिले के 449 शक्ति केन्द्रों पर खिचड़ी समरसता सहभोज का आयोजन दलित बस्तियों में किया जायेगा, जिसमें सभी पुरूष एवं महिला लाभार्थियों को आमंत्रित किया जायेगा।

जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा पार्टी ने विशेष सदस्यता अभियान 1 नवंबर से आरम्भ किया गया था, जिसके अंतर्गत जिले में आज तक 1 लाख 60 हजार नये सदस्य बने हैं, उन्होंने मेहनती और कर्मठ कार्यकर्ताओं का आभार जताया, इस मौके पर अजीत वैश्य, जिला महामंत्री सुधीर श्रीवास्तव, एमपी सिंह राजपूत, अरुण प्रकाश, शैलेंद्र मोहन शर्मा, सुखदेव राठौर, गिरीशपाल सिंह, राघवेंद्र यादव, मीडिया प्रभारी आशीष शाक्य, ज्ञानेंद्र चौहान और अमित सिंह सहित तमाम पदाधिकारी उपस्थित रहे।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply