विमल कृष्ण अग्रवाल ने धर्मेन्द्र यादव पर किया जोरदार हमला, लगाये गंभीर आरोप

विमल कृष्ण अग्रवाल ने धर्मेन्द्र यादव पर किया जोरदार हमला, लगाये गंभीर आरोप

बदायूं जिले में समाजवादी पार्टी के नेता एवं पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल ने लखनऊ में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। गृह जनपद लौटने पर शुक्रवार को उनका भाजपा कार्यालय पर भव्य स्वागत किया गया था। उझानी स्थित आवास पर विमल कृष्ण अग्रवाल ने गुरुवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी में केवल परिवारवाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद हावी है, इसके अलावा पूरे प्रदेश में कार्यकर्ता त्राहि-त्राहि कर रहा है, वहां कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की कोई भी नेता सुनने को तैयार नहीं है।

विमल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि सपा में संगठन बिल्कुल पूरी तरह ध्वस्त है, इसीलिए आज समाजवादी पार्टी पूरे प्रदेश से खत्म होती जा रही है। सपा शासनकाल में विकास कार्यों के नाम पर खुली लूट होती थी। सपा मुखिया अखिलेश यादव हों या, उनके भाई धर्मेंद्र यादव, विकास कार्यों के ठेके अपने रिश्तेदारों या, परिचितों या, सजातीय बंधुओ को दिलाते थे। जो खुलेआम सरकारी धन की लूट करते थे, तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के दबाव में अधिकारी खामोश रहते थे। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र यादव बदायूं में राजकीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना को अपनी बड़ी उपलब्धि के रूप में बार-बार गिनाते हैं, जबकि जनता के हित को देखते हुए उन्होंने अपनी जमीन मेडिकल कॉलेज को दी थी लेकिन, धर्मेंद्र यादव ने ही मेडिकल कॉलेज को बर्बाद कर दिया, उन्होंने उसमें बदायूं के बेरोजगारों की भर्ती नहीं होने दिया, उन्होंने मैनपुरी, सैफई के सजातीय लोगों की या, एक धर्म विशेष के लोगों की भर्ती कराई, जिनकी बगैर डयूटी के वेतन निकलता रहा, उन्होंने ठेकेदार भी अपना रखा, जिससे भवन की गुणवत्ता भी बहुत खराब रही। भाजपा शासनकाल में इसे सुधारने का काम किया जा रहा है लेकिन, सपा मानसिकता के लोग मेडिकल कॉलेज को सफल होने में लगातार अड़चने पैदा करते हैं।

उन्होंने कहा कि धर्मेन्द्र यादव जिन बड़े विकास कार्यों को बार-बार गिनाते हैं, उन सभी में बहुत बड़े घोटाले और सरकारी धन की लूट की गई है। बरेली रोड फोरलेन सबके सामने है। पूर्व मंत्री ने कहा कि सपा सरकार ने तुष्टिकरण की राजनीति की, मुस्लिम समाज का उत्थान नहीं होने दिया, उन्हें मात्र वोट के लिए इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा समाजवादी पार्टी को बदायूं से जड़ से उखाड़ने के लिए दिन-रात मेहनत करके भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करूंगा। विमल कृष्ण अग्रवाल के आवास पर बधाइयां देने वालों का तांता लगा हुआ है।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply