धर्मेन्द्र यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए सीएए को बताया काला कानून

धर्मेन्द्र यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए सीएए को बताया काला कानून

अमरोहा जनपद में गजरौला हाईवे पर समाजवादी पार्टी के लोकप्रिय युवा नेता धर्मेंद्र यादव का कार्यकर्ताओं ने शीत लहर के बावजूद जोरदार स्वागत किया, उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। धर्मेन्द्र यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए नागरिकता संशोधन अधिनियम को काला कानून बताया।

धर्मेंद्र यादव के आने की सूचना मिलने पर शीत लहर में भी कार्यकर्ता गजरौला हाईवे पर जमा हो गये। धर्मेन्द्र यादव का काफिला आते ही कार्यकर्ता जोश में आ गये और गगनभेदी नारेबाजी करते हुए धर्मेन्द्र यादव पर फूल बरसाने लगे। फूल-मालाओं के बीच धर्मेन्द्र यादव के साथ सेल्फी लेने की कार्यकर्ताओं में प्रतियोगिता सी नजर आ रही थी। धर्मेन्द्र यादव ने भी किसी कार्यकर्ता को निराश नहीं किया, उन्होंने युवाओं से संवाद भी किया।

धर्मेन्द्र यादव ने नागरिकता संशोधन अधिनियम पर कहा कि यह सरकार इस देश से गरीबों, पिछड़ों, दलितों और मुस्लिमों को समाज की मुख्यधारा से अलग करने की नीयत से काले कानून ला रही है। समाजवादी लोग सड़कों पर हैं, इसका पुरजोर विरोध कर रहे हैं, जहाँ तक भी आवश्यकता होगी, वहां तक संघर्ष करेंगे। पार्टी पर लगे आरोपों पर उन्होंने कहा कि गैर कानूनी कानून वे ला रहे हैं, संविधान का उल्लंघन वे कर रहे हैं, समाजवादियों पर आरोप लगाने से पहले वे पहले अपने गिरेबान में झांकें।

सीएए का विरोध प्रदर्शन करने के दौरान लिखे गये मुकदमों पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी संघर्ष कर रही है और करती रहेगी। उन्होंने कहा कि जब तक भाजपा की सरकार है तब तक भाजपा के विरुद्ध और पीड़ितों के पक्ष में संघर्ष करते रहेंगे, साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कह चुके हैं कि सरकार आने पर मुकदमे वापस होंगे।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply