1981 बैच के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राजीव कुमार बने मुख्य सचिव

1981 बैच के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राजीव कुमार बने मुख्य सचिव
राहुल भटनागर से कार्यभार लेते राजीव कुमार।

उत्तर प्रदेश के नव-नियुक्त मुख्य सचिव तेजतर्रार राजीव कुमार ने प्रदेश के 51वें मुख्य सचिव पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार ग्रहण करने के उपरान्त कहा कि प्रदेश सरकार के जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं में और अधिक गति लाकर आम जनता को अधिकाधिक लाभान्वित कराने के सार्थक प्रयास सुनिश्चित कराये जायेंगे। उन्होंने कहा कि शासन की नीतियों एवं विकास परक योजना को जनसामान्य तक पहुंचाने एवं नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से है।

राजीव कुमार ने कहा कि प्रदेश में अमन-चैन एवं खुशहाली का और अधिक बेहतर वातावरण बनाने हेतु सतत् प्रयास किया जायेगा। श्री कुमार 1981 बैच के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी हैं, वे भारत सरकार के कैबिनेट मंत्रालय में संयुक्त सचिव, अपर सचिव, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस विभाग तथा जहाजरानी  मंत्रालय में सचिव पद के पद सहित महत्वपूर्ण दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करने के साथ ही सहारनपुर एवं मेरठ मण्डल के मण्डलायुक्त पद को सुशोभित कर चुके हैं।

राजीव कुमार उत्तर प्रदेश में सचिव औद्योगिक विकास एवं प्रबन्ध निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम, कानपुर एवं निदेशक सूडा के अतिरिक्त जनपद मथुरा एवं फिरोजाबाद के जिलाधिकारी पद को सुशोभित करने के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी तैनात रहे हैं। श्री कुमार ने जुबिली इण्टर काॅलेज, लखनऊ से शिक्षा ग्रहण करने के उपरान्त लखनऊ विश्वविद्यालय से भौतिक विज्ञान में परास्नातक शिक्षा ग्रहण की है। इन्होंने हाॅवर्ड यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री इन पब्लिक एडमिनिस्टेªेशन (एम.पी.ए.) की शिक्षा भी ग्रहण की है।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं)

Leave a Reply