आबिद रजा के चुनाव लड़ने के आग्रह को ठुकरा न पाये आजम खान

आबिद रजा के चुनाव लड़ने के आग्रह को ठुकरा न पाये आजम खान

बदायूं में समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान देर रात पहुंचे और पूर्व दर्जा राज्यमंत्री आबिद रजा से गोपनीय मुलाकात की। आजम खान और आबिद रजा के बीच लगभग तीन घंटे वार्ता हुई। वार्ता की मुख्य बात यह रही कि आजम खान को आबिद रजा ने लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए राजी कर लिया है।

बताया जा रहा है कि बिना किसी पूर्व सूचना के आजम खान रात लगभग 8 बजे आबिद रजा के आवास पर पहुंच गये। आबिद रजा ने आजम खान का गर्मजोशी से स्वागत किया, जिसके बाद दोनों के बीच वार्ता का क्रम शुरू हो गया, जो तीन घंटों तक निरंतर चलता रहा। बताते हैं कि समाजवादी पार्टी को और मजबूत करने एवं लोकसभा चुनाव की रणनीति को लेकर आजम खान ने आबिद रजा के साथ विस्तार से वार्ता की। उन्होंने बदायूं के साथ आस-पास के लोकसभा क्षेत्रों के समीकरण को लेकर भी आंकड़े जुटाये।

बताया जा रहा है कि आजम खान लोकसभा चुनाव लड़ने को तैयार नहीं थे। सांसद धर्मेन्द्र यादव ने आबिद रजा से लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए आजम खान से आग्रह करने की बात कही थी। संयोग से आजम खान आज ही आ गये तो, आबिद रजा ने समाजवादी पार्टी के हित को ध्यान में रखते हुए सांसद की बात आजम खान तक पहुंचाई। बताया जा रहा है कि आजम खान चुनाव न लड़ने की जिद पर काफी देर तक अड़े रहे पर, आबिद रजा के आग्रह के आगे अंत में उन्होंने सहमति दे दी। बताया जा रहा है कि अगला चुनाव रामपुर लोकसभा क्षेत्र से आजम खान स्वयं ही लड़ेंगे।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply