पुलिस-प्रशासन जनता का शोषण बंद करे वरना, वे हल्ला बोल देंगे: ब्रजेश

पुलिस-प्रशासन जनता का शोषण बंद करे वरना, वे हल्ला बोल देंगे: ब्रजेश

बदायूं जिले का पुलिस-प्रशासन तानाशाह की तरह कार्य कर रहा है। आम जनता का खुलेआम शोषण किया जा रहा है। हालात बेहद खराब हैं, आम जनता डरी-सहमी नजर आ रही है। पुलिस-प्रशासन अपनी कार्य प्रणाली तत्काल बदल ले, आम जनता का सम्मान करे और समस्याओं का समाधान करे वरना, पुलिस-प्रशासन के विरुद्ध बड़े स्तर पर हल्ला बोला जायेगा।

उक्त विचार डीसीबी के पूर्व चेयरमैन और समाजवादी पार्टी के युवा नेता ब्रजेश यादव के हैं। क्षेत्र में भ्रमण करते समय आम जनता ने समस्याओं से अवगत कराते हुए पुलिस और प्रशासन के तांडव की कहानियाँ सुनाईं तो, वे आक्रोशित हो उठे। आक्रामक अंदाज में ब्रजेश यादव ने कहा कि होमगार्ड की हत्या दुर्भाग्य पूर्ण है, यह पुलिस की विफलता है, उसे छुपा कर पुलिस आम जनता का शोषण कर रही है। उन्होंने कहा कि घटना का खुलासा होना चाहिए एवं हत्यारों के चेहरे समाज के सामने आना चाहिए, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होना चाहिए पर, पुलिस आम जनता का शोषण भी न करे।

उन्होंने कहा कि एक ओर पुलिस तांडव कर रही है, दूसरी ओर प्रशासन भी आम जनता की कमर तोड़ने में जुटा है। हर कार्यालय भ्रष्टाचार ने जकड़ लिया है। उन्होंने कहा कि गन्ना किसान बेहद परेशान हैं, गन्ना किसानों की व्यथा माफियों और दलालों के चलते अफसर सुनने तक को तैयार नहीं हैं। ब्रजेश यादव ने आक्रामक अंदाज में कहा कि पुलिस-प्रशासन आम जनता का सम्मान करना सीख ले, उसकी समस्याओं का समाधान करे वरना, वे बड़े स्तर पर हल्ला बोलेंगे। ब्रजेश यादव कस्बा उघैती निवासी मीर हसन के घर पहुंचे, जहाँ उन्होंने उनके पुत्र की मृत्यु पर दुःख जताया, साथ ही वे गाँव रघुनाथपुर में एक दसवां संस्कार में शामिल हुए, इस दौरान लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष चौ. नरोत्तम सिंह भी मौजूद रहे।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply