ध्वजारोहण कर महोत्सव की तरह मनाया गया गणतंत्र दिवस

ध्वजारोहण कर महोत्सव की तरह मनाया गया गणतंत्र दिवस

बदायूं जनपद में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास तथा धूमधाम से महोत्सव की तरह मनाया गया। पुलिस परेड ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। पुलिस परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली एवं कलेक्ट्रेट में अधिकारियों-कर्मचारियों को संविधान में उल्लिखित संकल्पों को दोहराया। भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व संपन्न समाजवादी पंथ निर्पेक्ष लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने का संकल्प लिया।

शुक्रवार को डीएम ने 69वें गणतंत्र दिवस पर सर्व प्रथम कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण किया। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की धर्म पत्नियों को पुष्पमाला पहनाकर व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। वॉल पेंटिंग करने वाले पेंटरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। शहीद स्थल पर पुष्प अर्पित किए और कहा कि इस स्थान पर इमली का पेड़ लगाया जाए। तत्पश्चात पुलिस परेड ग्राउंड में डीएम ने ध्वजारोहण किया और कबूतर उड़ाकर पुलिस परेड का शुभारंभ किया।

डीएम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रप्रकाश के साथ पुलिस परेड का अवलोकन कर परेड की सलामी ली। जिलाधिकारी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नागरिक अपने अधिकारों के प्रति सजग रहते हैं, पर कर्तव्यों पर ध्यान नहीं देते। उन्होंने कहा कर्तव्य पर ध्यान देकर अपनी-अपनी जिम्मेदारी सही ढंग से निर्वाह कर के एक अच्छा जनपद बनायें। उन्होंने कहा कि देश जब तक प्रगति नहीं करेगा, जब तक सब लोग मिलकर संविधान के बताए हुए मार्ग पर नहीं चलेंगे। देश के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि कानून का पालन करें, तभी देश में सुधार तथा प्रगति होगी। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आस-पास के जनपदों में सबसे कम शिक्षा का स्तर बदायूं का है। शिक्षा का स्तर सभी लोग मिलकर ऊँचा उठायें, विद्यालयों में देश का भविष्य छिपा है।

उन्होंने कहा बदायूं में महिला का 40 प्रतिशत तथा पुरुष का 60 प्रतिशत कुल 51 प्रतिशत शिक्षा का स्तर है, जो बहुत कम है। उन्होंने कहा अध्यापक, अभिभावक तथा बच्चे मिलकर आने वाले दिनों में शिक्षा मे अच्छा सुधार करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत का सपना प्रधानमंत्री ने जो देखा है, उसे अपनी-अपनी जिम्मेदारी का सही से निर्वहन कर पूर्ण किया जाए। सभी लोगों का दायित्व है कि अपने घरों तथा आस-पास खुले प्लाटों में कूड़ा न डालें और न ही दूसरे को डालने दें। जनपद को सब लोग मिलकर साफ-सुथरा तथा सुंदर बनायें। गन्दगी न फैलाएं और न ही फैलाने दें, उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुसार सबका साथ सबका विकास, उसी आधार पर गरीबों का हक गरीबों को दिलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जनपद में 2 लाख साठ हजार गरीबों के शौचालयों का निर्माण कार्य चल रहा है। लाभार्थियों को 12000 रुपए दो किस्तों में भुगतान किया जा रहा है, प्रथम किस्त 6000 तथा द्वितीय किस्त 6000 रुपए सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजे जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जितनी भी शासन की योजनाएं चलाई जा रही हैं, उनका पैसा बिना किसी बिचौलिए के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाते में भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सब लोगों का फर्ज है कि बिजली की बचत करें, साधारण बल्ब की जगह पर एलईडी बल्व का ही प्रयोग करें, जिससे बची हुई बिजली किसी दूसरे व्यक्ति के काम में आ जाएगी, कोयला भी कम खर्च होगा और पर्यावरण प्रदूषण कम होगा। उन्होंने कहा आओ सब लोग मिलकर बदायूं को बदलें और इसका नाम ऊंचा करें।

परेड कराने वाले कमांडर्स तथा अन्य क्षेत्र में अच्छा कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए गये तथा विद्यालयों के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों तथा उनके अध्यापकों को भी सम्मानित किया, इस अवसर पर जिला जज नसीर अहमद, एसपी सिटी कमल किशोर, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व महेंद्र सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अजय कुमार श्रीवास्तव, मुख्य कोषाधिकारी हरीशचन्द्र यादव, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी राजेश शर्मा, बदायूं क्लब के सचिव अक्षत अशेष सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहें।

मुख्य विकास अधिकारी शेषमणि पाण्डेय ने गणतन्त्र दिवस के अवसर पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत की संविधान व्यवस्था विश्व में सर्व श्रेष्ठ है। देश को आजाद कराने वाले अमर शहीदों के बलिदानों को भुलाया नहीं जा सकता। देश को आगे बढ़ाने के लिए सामाजिक, आर्थिक, चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रत्येक देशवासी को हमेशा तत्पर रहना चाहिए। सीडीओ ने विकास भवन एवं गांधी नेत्र चिकित्सालय में ध्वजारोहण किया। विकास भवन में डीआरडीए के परियोजना निदेशक राम सिंह, जिला विकास अधिकारी सेवाराम चौधरी, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारत को एक सम्पूर्ण प्रभुत्व, सम्पन्न, समाजवादी, पन्थ निर्पेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने का संकल्प लिया। व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता, अखण्डता सुनिश्चित करने वाली बंधुता बढ़ाने के लिए दृढ़ संकल्प होकर संविधान को अंगीकृत अधिनियमित और आत्मार्पित करने का संकल्प लिया गया।

सीडीओ ने गणतन्त्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने-अपने दायित्वों का भली-भांति निर्वाहन करना चाहिए। मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म होता है। डीआरडीए के परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी एके जादौन, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी घासीराम गंगवार ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए गणतन्त्र दिवस की बधाई दी, इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी राजीव कुमार मौर्य, फहीम रिज़वी सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

इसके अलावा जिले भर में ध्जारोहण किया गया। नगर पंचायत फैजगंज बेहटा में चेयरमैन इसरत खां और लेखाधिकारी शंहशाह अब्बास ने झंडा फहराया। बिसौली में पालिकाध्यक्ष अबरार अहमद ने झंडा फहराया, वहीं उनके बेटे राशिद मंसूरी बच्चों को तिरंगा बांटे, जिससे बच्चे झूम उठे। सैदपुर, कुंवरगाँव, अलापुर में ईओ त्रिवेंद्र कुमार व चेयरमैनों ने ध्वारोहण किया। कछला में अध्यक्ष नरेश पाल, उसावां में अध्यक्ष वीरेन्द्र पाल गुप्ता और दातागंज नगर पालिका में आकाश वर्मा ने झंडा फहराया। सहसवान में पालिकाध्यक्ष बाबरमियां ने झंडा फहराया। ईओ अशोक गोयल ने सभी का आभार जताया। इस्लामनगर में चेयरमैन निशात बी. उनके पति मुशाहिद अली ने झंडा फहराया, रुदायन में अरविंद शर्मा ने ध्वजारोहण कर सभी को बधाई दी एवं ईओ ललतेश सक्सेना ने आभार व्यक्त किया।

ब्लूमिंगडेल स्कूल में गणतंत्र दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया। विद्यालय की अध्यक्षा पम्मी मेंहदीरत्ता ने ध्वाजारोहण किया। विद्यालय के बच्चों ने देश भक्ति से जुड़े साँस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, इस मौके पर स्कूल की शाखा ब्लूम्स में कई प्रतियोगिताओं का भी आयोजन कराया गया। विभिन्न विषयों को लेकर हुई प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने अपनी-अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। खेल के मैदान में खेलकूद से सम्बन्धित कराई गयी प्रतियोगिताएँ आकर्षण का केन्द्र रहीं। प्रतियोगिताओं में विजयी हुए प्रतिभागियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।

प्रधानाचार्या मिली घोष ने अपने सम्बोधन में गणतंत्र दिवस की जानकारी देते हुए कहा कि हमारे देश में आज ही के दिन 26 जनवरी 1950 में हमारे देश में अपना संविधान लागू हुआ। सभी भारतीयों ने राष्ट्र रक्षा का संकल्प लिया। आज भी राष्ट्रीय पर्वो पर राष्ट्र की रक्षा करने का संकल्प दोहराया जाता है और जनमानस में देश भक्ति जगाने का प्रयास किया जाता है, इस पावन अवसर पर विद्यालय के निदेशक ज्योति मेंहदीरत्ता, प्रबंधिका अनीता धमीजा, सह-निदेशक ईशान मेहंदीरत्ता, श्वेता मेंहदीरत्ता सहित सभी शिक्षकगण व शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply