समाजवादी पार्टी का गुंडा गुंडई करेगा, तो उसे मुंहतोड़ जवाब मिलेगा: वर्मा

समाजवादी पार्टी का गुंडा गुंडई करेगा, तो उसे मुंहतोड़ जवाब मिलेगा: वर्मा

बदायूं नगर पालिका परिषद से भारतीय जनता पार्टी की पालिकाध्यक्ष पद की प्रत्याशी दीपमाला गोयल के कार्यालय का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय कमेटी के अध्यक्ष बीएल वर्मा ने कहा कि अपमान का बदला लेने का समय है, इस चुनाव में गुंडई नहीं होने दी जायेगी और नगर सहित जिले भर में भाजपा चुनाव जीतेगी।

इंद्रा चौक के पास भाजपा प्रत्याशी के कार्यालय का शुभारंभ करने के अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय कमेटी के अध्यक्ष बीएल वर्मा ने कहा कि यह चुनाव प्रतिष्ठा का चुनाव है, इससे पहले भी भाजपा ने चुनाव लड़ा, पर तब समाजवादी पार्टी की सरकार थी, जिससे कार्यकर्ताओं को लाठी पड़ी, बूथ लूटे गये, उस अपमान का बदला ब्याज सहित लेने का समय है। उन्होंने कहा कि तब प्रशासन चुनाव लड़ रहा था, पर अब भाजपा की सरकार है। अब समाजवादी पार्टी का कोई भी गुंडा गुंडई करने का दुस्साहस करेगा, तो उसे मुंहतोड़ जवाब दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन को चेता दिया गया है, अब कार्यकर्ताओं की मंशा पूरी की जायेगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार केंद्र और प्रदेश में है, वही कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने छः महीने पहले ही सामने वाले प्रत्याशी को धूल चटाई है, उस अंतर को बढ़ाना है। मुख्यमंत्री के भाई के सांसद के रहते हुए छः में से पांच विधायक जिताये हैं, यह चुनाव आमने-सामने का है। उन्होंने कहा कि फर्जी वोट डालने का प्रयास किया जायेगा, तो भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता और प्रशासन मुंहतोड़ जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों का समय याद कर लेना और भाजपा प्रत्याशी को जिताना। उन्होंने कहा कि बदायूं नगर पालिका परिषद के साथ भाजपा जिले भर में जीतेगी।

इससे पहले कैंबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, जिलाध्यक्ष हरीश कुमार शाक्य, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, विधायक धर्मेन्द्र शाक्य, जिला प्रभारी महाराज सिंह, निकाय चुनाव के प्रभारी रामगोपाल मिश्रा और सुभाष पटेल ने भी कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया, इस अवसर पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष अंकित मौर्य, युवा नेता विश्वजीत गुप्ता और पूनम गुप्ता सहित तमाम नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में दीपमाला गोयल ने सभी का आभार व्यक्त किया।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply