नगर पालिका परिसर में लगे फात्मा रजा के पत्थर पर चला हथौड़ा

नगर पालिका परिसर में लगे फात्मा रजा के पत्थर पर चला हथौड़ा

बदायूं नगर पालिका परिषद के परिसर में लगे समाजवादी पार्टी की निवर्तमान पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा के पत्थर पर हथौड़ा चल गया है। पत्थर का नामोनिशान मिटा दिया गया है। तोड़े गये पत्थर की जगह नया पत्थर लगेगा और उस पर क्या लिखा जायेगा, इस बारे में अभी कोई कुछ नहीं बता रहा है।

पालिकाध्यक्ष के रूप में फात्मा रजा ने 8 अगस्त 2017 की देर शाम को नगर पालिका परिषद के परिसर में ही बने द्वार का जोश के साथ उद्घाटन किया था। सौंदर्यकरण के साथ परिसर में द्वार बनवाये गये थे। द्वार का नाम भी फात्मा रजा ही था। उद्घाटन के दौरान तमाम सभाषद, गणमान्य नागरिक और अधिशासी अधिकारी निशा मिश्रा भी मौजूद रही थीं। उद्घाटन का द्वार के बराबर में ही पत्थर भी लगाया गया था, जिस पर नाम वगैरह लिखे हुए थे, इसी द्वार पर हथौड़ा चला दिया गया है। पत्थर को लगे अभी छः महीने भी नहीं हुए हैं, ऐसे में पत्थर स्वतः नहीं टूट सकता।

अब पालिकाध्यक्ष दीपमाला गोयल हैं, जो भाजपा की हैं, उनके पालिकाध्यक्ष बनते ही भवन का रंग बदल दिया गया और अब पत्थर तोड़ दिया गया है। पत्थर तोड़ने का कारण अभी सामने नहीं आया है। पत्थर पालिकाध्यक्ष ने तुड़वाया है, या किसी और कारण से टूटा है, यह भी स्पष्ट नहीं है। पत्थर तुड़वा कर नया पत्थर लगाया जायेगा, या किसी कारण से टूटने के कारण इसी को सही कराया जायेगा, इस बारे में अभी तक पालिकाध्यक्ष की ओर से कुछ नहीं बताया गया है।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

पढ़ें: पालिका परिसर की शोभा बढ़ाने वाले द्वार का पालिकाध्यक्ष ने किया उद्घाटन

Leave a Reply