पीड़ितों की समस्यायें सुनते समय कभी भावुक, कभी आक्रोशित दिखे सांसद

बदायूं लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेन्द्र यादव ने रविवार देर रात तक जनता से मुलाकात की। सोमवार सुबह उनके उठने से पहले हजारों लोग आवास पर जुट गये। सांसद ने आम जनता से भेंट कर सभी की समस्याओं को सुना और संबंधित अफसरों को निराकरण करने के भी निर्देश दिए।

सांसद धर्मेन्द्र यादव के आवास पर हजारों लोग सोमवार सुबह ही जुट गये। शहर और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने पुलिस और प्रशासन द्वारा किये जा रहे उत्पीड़न के बारे में सांसद को अवगत कराया। तमाम लोगों ने पुलिस द्वारा फर्जी मुकदमा दर्ज करने की शिकायत की, जमीन कब्जाने के भी प्रकरण बताये बताए एवं भ्रष्टाचार से भी अवगत कराया गया। पीड़ितों की कहानी सुन कर सांसद कभी भावुक नजर आये तो, कभी आक्रोशित। सांसद ने गंभीरता पूर्वक समस्याओं को सुनने के बाद संबंधित अफसरों से वार्ता की और न्याय पूर्ण कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सांसद ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार लोगों की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाई। हर स्तर पर हालात भयानक हैं, जिसका दुष्परिणाम आम जनता भुगत रही है। सांसद ने पीड़ितों को आश्वस्त किया कि वे निश्चिन्त रहें, पुलिस-प्रशासन ने दबाव में अन्याय पूर्ण कार्य करने बंद नहीं किये तो, समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता न्याय पूर्ण कार्य करने के लिए विवश कर देंगे। आम जनता से मुलाकात के बाद सांसद का काफिला मेरठ जनपद के लिए निकल गया।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply