बदायूं की राह दिखाने वाले बनवारी सिंह यादव को ही भूल गये धर्मेन्द्र यादव

बदायूं की राह दिखाने वाले बनवारी सिंह यादव को ही भूल गये धर्मेन्द्र यादव

बदायूं जिले में समाजवादी पार्टी को स्थापित करने का श्रेय स्वर्गीय बनवारी सिंह यादव को ही दिया जाता है। पहला कार्यकर्ता बनाने से लेकर समाजवादी पार्टी को चप्पे-चप्पे पर स्थापित करने की दिशा में उन्होंने कड़ी मेहनत की थी। स्वर्गीय बनवारी सिंह यादव ने ही धर्मेन्द्र यादव को बदायूं का रास्ता दिखाया था लेकिन, धर्मेन्द्र यादव ने पुण्यतिथि पर उन्हें याद तक नहीं किया।

बदायूं लोकसभा क्षेत्र से वर्ष- 2009 तक समाजवादी पार्टी के सांसद सलीम इकबाल शेरवानी थे। स्वर्गीय बनवारी सिंह यादव और सलीम इकबाल शेरवानी के बीच अंदरूनी तौर पर मतभेद रहते हैं, साथ ही सलीम इकबाल शेरवानी निष्क्रिय नेता भी माने जाते हैं, उन पर आरोप रहता था कि वे सिर्फ चुनाव जीतने आते हैं। माना जाता है कि निष्क्रिय सलीम इकबाल शेरवानी को बदायूं लोकसभा क्षेत्र से दूर करने की रणनीति के तहत स्वर्गीय बनवारी सिंह यादव ने ही मुलायम सिंह यादव से कहा था कि धर्मेन्द्र यादव को बदायूं से प्रत्याशी बना दिया जाये, उनके सुझाव पर धर्मेन्द्र यादव को बदायूं लोकसभा क्षेत्र से सपा से वर्ष- 2009 में टिकट मिला, वे जीत गये और 2014 के चुनाव को भी फतेह कर गये, अब तीसरी बार जीतने की दिशा में संघर्ष कर रहे हैं।

खैर, 9 मार्च को बनवारी सिंह यादव की पुण्यतिथि होती है, इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के कार्यालय पर उन्हें याद किया गया। संस्मरण सुनाते हुए कई लोग फफक-फफक कर रोने तक लगे। मरीजों को फल वितरित किये गये। समर्थकों ने सोशल साइट्स पर फोटो शेयर कर उन्हें याद किया, इस सबके बावजूद धर्मेन्द्र यादव को पुण्यतिथि पर भी बनवारी सिंह यादव याद नहीं आये। धर्मेन्द्र यादव व्यवस्तताओं के चलते आ नहीं सके पर, फेसबुक पर उनकी याद में एक पोस्ट तो शेयर कर ही सकते थे, इससे भी बड़ी चौंकाने वाली बात यह है कि जिले भर से लोग सपा कार्यालय पर जमा हुए लेकिन, सांसद धर्मेन्द्र यादव के प्रतिनिधि भी नहीं पहुंचे।

बदायूं जिले की राह दिखाने वाले बनवारी सिंह यादव को धर्मेन्द्र यादव भूल सकते हैं, उनके साथ पहले चुनाव में रहे लोग भी दूरी बना चुके हैं। हाँ, ग्लैमर में नये-नये लोग उनसे जुड़े हैं, जो फेसबुक पर दिन भर जिंदाबाद लिखते हैं पर, जमीनी कार्यकर्ता और समर्थक दूर हुए हैं, जिसका नुकसान चुनाव में उठाना पड़ सकता है।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply