समाजवादी पार्टी ने घोषित किया प्रत्याशी, भाजपा ने किया चुनाव कार्यालय का उद्घाटन

समाजवादी पार्टी ने घोषित किया प्रत्याशी, भाजपा ने किया चुनाव कार्यालय का उद्घाटन

बदायूं लोकसभा क्षेत्र में चुनाव की तस्वीर कुछ-कुछ साफ होने लगी है। समाजवादी पार्टी ने अपने पुराने योद्धा धर्मेन्द्र यादव को ही मैदान में उतार दिया है, वहीं भारतीय जनता पार्टी की सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य के चुनाव कार्यालय का आज हवन-पूजन कर एवं फीता काट कर उदघाटन किया गया। भाजपा के लोकसभा प्रभारी एवं एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, विधायक महेश चंद्र गुप्ता और विधायक हरीश शाक्य द्वारा पूजा-अर्चना कर कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया, इससे स्पष्ट है कि जमीनी स्तर पर तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी मुख्य प्रतिद्वंदी समाजवादी पार्टी से आगे चल रही है।

कुंवर महाराज सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में देश के प्रत्येक क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि विकास के बल पर भाजपा इस बार विजय पताका लहरायेगी। देश में माहौल भाजपा के पक्ष में है। जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि सभी विपक्षी पार्टियां परिवारों की पार्टी बन गईं हैं। भाजपा अकेली ऐसी पार्टी है, जहां वास्तविक लोकतंत्र है। देश पर सबसे अधिक समय तक शासन करने वाली कांग्रेस के पास न तो विजन है, और न ही विचार।

सांसद डॉ. संघमित्रा मौर्य ने कहा कि भाजपा ने हमेशा कार्यकर्ताओं के बल पर ही चुनाव लड़ा और जीता है। भाजपा कार्यकर्ता बहुत कठोर व परिश्रमी होता है, वह सदैव राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करता है। विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि इस बार के लोकसभा चुनाव में भी कार्यकर्ताओं के दम, मोदी सरकार के विकास कार्य और योगी सरकार की उपलब्धियों के बल पर भाजपा एक बार फिर चुनाव जीत कर प्रचंड बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि मोदी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से जनता बहुत प्रभावित है और वह केवल मोदी की गारंटी पर भरोसा रखती है, इसलिए मोदी सरकार हैट्रिक लगायेगी।

भाजपा के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्षा पूनम यादव, लोकसभा क्षेत्र संयोजक हरिओम पाराशरी, पंडित शारदाकांत “सीकू भैया”, सुधीर श्रीवास्तव, राणा प्रताप सिंह, ग्रीशपाल सिसौदिया, नेकपाल कश्यप, राघवेंद्र यादव और जितेंद्र साहू सहित तमाम गणमान्य उपस्थित रहे।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply