भाजपा ने देश बर्बाद कर दिया, काला धन दोगुना हो गया: धर्मेन्द्र

भाजपा ने देश बर्बाद कर दिया, काला धन दोगुना हो गया: धर्मेन्द्र

बदायूं लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के लोकप्रिय सांसद धर्मेन्द्र यादव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार को सहसवान विधान सभा क्षेत्र में पहुंचे और विभिन्न स्थानों पर लोगों को संबोधित किया। पूर्व राज्यमंत्री व क्षेत्रीय विधायक ओमकार सिंह यादव की मौजूदगी में सांसद ने भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जोरदार हमला भी बोला।

सांसद धर्मेन्द्र यादव निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उघैती, रुदायन, इस्लामनगर, शादीपुर, उस्मानपुर और सहसवान पहुंचे, जहाँ उपस्थित लोगों से उन्होंने परिवार की तरह हाल पूछा और फिर सभी से लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार काला धन देश में वापस लाने के वादे के साथ सत्ता में आई थी लेकिन, रिपोर्ट आ रही है कि स्विस बैंक में काला धन दोगुना हो गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार से समाज का हर वर्ग त्रस्त है। बेरोजगारी की समस्या और विकराल हो गई है। व्यापार ठप है एवं किसान बेहाल है। उन्होंने कहा कि देश की बर्बादी का कारण भाजपा है, जिसे बसपा के समर्थन से सपा लोकसभा चुनाव में उखाड़ फेंकेगी।

सांसद धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार पदारूढ़ होने के बाद से भ्रष्टाचार, अत्याचार, अपराध, लूट और बलात्कार जैसे जघन्य अपराध कर के अपराधी भाजपा नेताओं के संरक्षण में खुलेआम घूम रहे हैं। प्रदेश सरकार के मंत्री व शीर्ष अधिकारी केवल कागजी कार्यवाही कर के विकास होना दर्शा रहे हैं, जबकि वास्तव में विकास का पहिया पूरी तरह से रूक गया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी की सरकार में समाज के हर वर्ग के लिए जनकल्याणकारी योजनायें संचालित की जा रही थीं, जो वर्तमान भाजपा सरकार ने बंद कर दी हैं। चुनाव से पूर्व भाजपा नेता अपने झूठ का पुलिन्दा लेकर जनता के बीच गये, जिससे देश व प्रदेश की भोली-भाली जनता ने भाजपा नेताओं को सत्ता सौंपी परन्तु, केन्द्र सरकार के चार वर्ष तथा प्रदेश सरकार के लगभग डेढ़ वर्ष पूरे हो चुके हैं और जनता से चुनाव से पूर्व किये गये किसी भी वादे को भाजपा नेताओं ने पूरा न कर के उनकी भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है। बोले- आने वाले समय में प्रदेश की जनता इन झूठे जुमले वालों को सत्ता से बाहर कर सबक सिखाने का कार्य करेगी।

पूर्व राज्यमंत्री ओमकार सिंह यादव ने भी भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला, वहीं युवा नेता ब्रजेश यादव ने कहा कि अगले चुनाव में धर्मेन्द्र यादव जीत का रिकॉर्ड बनायेंगे। बोले- बदायूं लोकसभा क्षेत्र की जनता धर्मेन्द्र यादव को रिकॉर्ड मतों से जिताने को आतुर है, इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव, पूर्व विधायक रामखिलाड़ी सिंह, वाहिद खां, नवाब सिंह, सतीश यादव, लोकेन्द्र शर्मा, विपिन यादव, नरोत्तम सिंह, शानू चौधरी, सुधाकर मिश्रा, मनवीर सिंह, महेश यादव, नरेश प्रधान, हाजी इरफान, खलीक, गुड्डू, आलोक माहेश्वरी, रज्जन भाई, राधेश्याम, मोहित, अवधेश यादव, सुनील कुमार विल्ला, भूशंकर, संदीप सिंह, शोएव नकवी और शमशाद सैफी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply