कांग्रेस के खाते में जायेगा बदायूं, शिवपाल सिंह यादव नहीं उतारेंगे प्रत्याशी

बदायूं लोकसभा क्षेत्र में भी चुनावी रणनीति बननी शुरू हो गई हैं। संभावित उम्मीदवार समाजसेवी के रूप में पुनः बाहर निकलने लगे हैं। चुनाव कार्यालय खोलने लगे हैं। सर्वाधिक उत्सुकता शिवपाल सिंह यादव के उम्मीदवार को लेकर है पर, वे यहाँ से अपना उम्मीदवार नहीं उतारेंगे। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया का कांग्रेस से गठबंधन रहेगा और यह सीट कांग्रेस के खाते में रहेगी।

उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि शिवपाल सिंह यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया का कांग्रेस से गठबंधन होगा। बदायूं लोकसभा क्षेत्र कांग्रेस के खाते में जायेगा, जिससे शिवपाल सिंह यादव की प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया कांग्रेस प्रत्याशी को ही चुनाव लड़ायेगी। कांग्रेस की ओर से पूर्व विदेश राज्यमंत्री सलीम इकबाल शेरवानी सक्रिय हो गये हैं लेकिन, कांग्रेस का प्रत्याशी कौन होगा, इस बारे में अभी से कुछ भी नहीं कहा जा सकता।

सूत्रों का कहना है कि मुस्लिम वर्ग के कई बड़े नेता कांग्रेस से टिकट मांग रहे हैं, जो हाईकमान के संपर्क में भी बताये जा रहे हैं। कांग्रेस इस बार सिर्फ उपस्थिति दर्ज कराने के लिए मैदान में नहीं उतरना चाहती। कांग्रेस जिताऊ प्रत्याशी को टिकट देगी, जिससे माना जा रहा है कि कांग्रेस की ओर से जनता के बीच लोकप्रिय मुस्लिम चेहरा मैदान में उतारा जायेगा। सलीम इकबाल शेरवानी कांग्रेस में बेहद मजबूत माने जाते हैं, इसलिए माना जा रहा है कि पूर्व सांसद होने के चलते कांग्रेस उन पर ही दांव लगायेगी। जो भी सही पर, प्रत्याशी के बारे में कांग्रेस की सूची आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply