कांग्रेस के हमले पर अखिलेश ने की सर्जिकल स्ट्राइक, प्रत्याशी घोषित

कांग्रेस के हमले पर अखिलेश ने की सर्जिकल स्ट्राइक, प्रत्याशी घोषित

बदायूं लोकसभा क्षेत्र से आम चुनाव में भाग लेने वाले योद्धाओं की घोषणा होने लगी है। प्रत्याशियों की घोषणा करने में सबसे पहले कांग्रेस ने बाजी मार कर चौंका दिया, इसके बाद समाजवादी पार्टी ने भी सर्जिकल स्ट्राइक के रूप में प्रत्याशी की घोषणा कर दी। कांग्रेस और सपा द्वारा प्रत्याशियों की घोषणा करना सामान्य बात नहीं है, यह समाजवादी पार्टी का कांग्रेस को करारा जवाब माना जा रहा है।

समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और लोकदल के बीच समझौता हो चुका है, इस गठबंधन ने कांग्रेस को दो सीटें अपनी ओर से छोड़ दी हैं, वहीं कांग्रेस को 9 सीटें ऑफर करने की एवं बातचीत होने की खबरें भी आती रही हैं, जिसे कांग्रेस ने निरस्त कर दिया। गठबंधन पर दबाव बनाने के उद्देश्य से कांग्रेस ने अखिलेश यादव के भाई धर्मेन्द्र यादव के क्षेत्र बदायूं में प्रत्याशी का नाम घोषित कर दिया।

कांग्रेस ने पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री सलीम इकबाल शेरवानी पर ही दांव लगाया है, वे बदायूं लोकसभा क्षेत्र का लंबे समय तक प्रतिनिधित्व करते रहे हैं। हालाँकि सलीम इकबाल शेरवानी के दावेदारी ठोंकते ही स्पष्ट हो गया था कि उन्हें ही टिकट मिलेगा पर, घोषणा होने से कयासों पर भी पूरी तरह विराम लग गया, क्योंकि गठबंधन में शामिल होने को लेकर संशय बना हुआ था।

दबाव में आने की जगह कांग्रेस के बाद समाजवादी पार्टी ने भी कुछेक प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। समाजवादी पार्टी ने धर्मेन्द्र यादव के नाम की घोषणा कर दी, इससे स्पष्ट है कि अब कांग्रेस गठबंधन में शामिल नहीं होगी, इसे अखिलेश यादव की सर्जिकल स्ट्राइक कहा जा सकता है, उन्होंने कांग्रेस को तत्काल मुंहतोड़ जवाब दिया है।

खैर, दो योद्धा सामने आ गये हैं। भाजपा में हमेशा की तरह ही अभी मंथन की प्रक्रिया चल रही है। भाजपा के प्रत्याशी की घोषणा कब तक होगी, इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता लेकिन, हार-जीत को लेकर तस्वीर भाजपा प्रत्याशी की घोषणा के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

(गौतम संदेश की खबरों से अपडेट रहने के लिए एंड्राइड एप अपने मोबाईल में इन्स्टॉल कर सकते हैं एवं गौतम संदेश को फेसबुक और ट्वीटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं, साथ ही वीडियो देखने के लिए गौतम संदेश चैनल को सबस्क्राइब कर सकते हैं)

Leave a Reply